सोनगांव में अधिकारियों से जानकारी लेते संयुक्त मजिस्ट्रेट। स्रोत-सूचना विभाग
अंबेडकरनगर। अकबरपुर क्षेत्र की ग्राम पंचायत सोनगांव को मॉडल सोलर गांव के रूप में विकसित करने की तैयारी शुरू हो गई है। इसके तहत गांव के सरकारी भवनों और सार्वजनिक सुविधाओं को सौर ऊर्जा से संचालित किया जाएगा। इससे बिजली की खपत कम होने के साथ ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल और बेहतर प्रकाश व्यवस्था जैसी सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से रोजगार के नए अवसर भी विकसित किए जाएंगे।
बुधवार को संयुक्त मजिस्ट्रेट थनिगईयरसन टी ने पीओ नेडा पीएन पांडेय के साथ सोनगांव पहुंचकर योजना के लिए चयनित स्थलों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने गांव के तीन विद्यालयों, आयुष्मान आरोग्य मंदिर, सामुदायिक शौचालय और पंचायत भवन का जायजा लिया। इन सभी भवनों की छतों पर रूफटॉप सोलर पैनल लगाने की संभावनाएं देखी गईं। इसके अलावा सौर ऊर्जा से संचालित आरओ वाटर सिस्टम स्थापित करने की योजना पर भी चर्चा हुई। इससे विद्यार्थियों और ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जा सकेगा।
गांव के प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर सोलर हाईमास्ट लाइटें लगाने की भी तैयारी है। इससे रात में आवागमन करने वाले लोगों को बेहतर रोशनी की सुविधा मिलेगी। सौर ऊर्जा के इस्तेमाल से पारंपरिक बिजली पर निर्भरता कम होगी और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा।
स्वयं सहायता समूहों को मिलेगा बढ़ावा
मॉडल सोलर गांव योजना के तहत स्वयं सहायता समूहों को भी लाभान्वित करने की तैयारी है। समूहों को सौर ऊर्जा से संचालित मशीनें उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे उनके कामकाज को गति मिलेगी। इससे महिलाओं की आजीविका मजबूत करने और रोजगार के नए अवसर पैदा करने में मदद मिलेगी। योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से सोनगांव ऊर्जा संरक्षण और ग्रामीण सुविधाओं के विकास का उदाहरण बन सकेगा।