अंबेडकरनगर। कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को जिला स्तरीय उद्योग एवं व्यापार बंधु की बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता सीडीओ वैभव मिश्रा ने की। बैठक में विभिन्न औद्योगिक योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए ऋण वितरण की स्थिति पर चर्चा की गई।
सीडीओ ने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) ऋण योजना और प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम की समीक्षा की। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान में 2,200 के लक्ष्य के सापेक्ष 2,581 आवेदन प्राप्त हुए। मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना में 236 आवेदन आए, जिनमें 52 स्वीकृत और 49 पर ऋण वितरित किया गया। ओडीओपी योजना में 114 आवेदनों में 37 स्वीकृत हुए और 31 लाभार्थियों को ऋण मिला।
वहीं, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम में 377 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें 259 स्वीकृत किए गए और 246 पर ऋण वितरित हुआ। इन स्वीकृत परियोजनाओं की कुल धनराशि 2,341.39 लाख रुपये रही।
सीडीओ ने उपायुक्त उद्योग, अग्रणी जिला प्रबंधक और बैंक अधिकारियों को लंबित ऋण आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र युवाओं और उद्यमियों को ऋण के लिए बैंकों के चक्कर न लगाने पड़ें। शासन की मंशा के अनुरूप उन्हें समय से ऋण सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
बैठक में व्यापारियों की समस्याएं और सुझाव भी सुने गए। इस मौके पर उपायुक्त उद्योग एचपी मौर्या, सहायक आयुक्त उद्योग अजय शर्मा, सीओ सिटी अरुण नौहवार, अग्रणी जिला प्रबंधक कमलेश भास्कर सहित विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबंधक मौजूद रहे।