अंबेडकरनगर। गन्ना विभाग की बदहाल सड़कों की दशा सुधरने वाली है। लोक निर्माण विभाग की ओर से छह खस्ताहाल सड़कों के निर्माण के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया है। इन सड़कों की सूरत बदली तो सबसे ज्यादा फायदा गन्ना किसानों को होगा।
जिले में गन्ना विभाग की सड़कों का निर्माण कई साल पहले कराया गया था। मौजूदा समय में ये छह सड़कें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं। इस कारण किसानों और ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अधिकारियों के साथ होने वाली बैठकों में किसान कई बार सड़कों के निर्माण का मुद्दा उठा चुके हैं। उच्चाधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद गन्ना विभाग से हस्तांतरित इन छह मार्गों पर चीनी मिल परिक्षेत्र योजना के अंतर्गत पुननिर्माण और विशेष मरम्मत के कार्य कराए जाने हैं।
कटेहरी ब्लॉक में 25 लाख से देइपुर सहियावां नहर पटरी संपर्क मार्ग, 8.30 लाख से अयोध्या-अकबरपुर मार्ग से खेमापुर संपर्क मार्ग, अकबरपुर ब्लॉक में 21.80 लाख से चुरऊ ताराखुर्द मार्ग से रानी संपर्क मार्ग और 16 लाख से रोशनगढ़ खानपुर संपर्क मार्ग का निर्माण कराया जाना है। इसके अलावा जलालपुर ब्लॉक में 15 लाख से नेवादा अमौला से उदया मार्ग, 17 लाख से बंदीपुर रोड से जैदपुर दक्षिण पुरवा मार्ग, 16.50 लाख से कांदीपुर दलहा से रहीमाबाद का निर्माण कराया जाना है। इन छह मार्गों की लंबाई 3.58 किलोमीटर है।
एक्सईएन प्रांतीय खंड सौरभ सिंह ने बताया कि सड़कों की दशा सुधारने के लिए लगातार काम चल रहा है। गन्ना परिक्षेत्र की सड़कों के लिए प्रस्ताव भेजा गया है। मंजूरी मिलते ही काम शुरू करा दिया जाएगा।
24 ब्लैक स्पॉट चिह्नित
सड़क हादसों में कमी लाने के लिए 24 ब्लैक स्पॉट चिह्नित किए गए हैं। सुरक्षित और सुगम यातायात के लिए इन स्थलों पर जरूरी प्रबंध किए जाएंगे। इसके लिए पीडब्ल्यूडी ने करीब चार करोड़ का कार्य प्रस्ताव तैयार किया है। बसखारी-जहांगीरगंज-राजेसुल्तानपुर मार्ग पर रामनगर बाजार, इंदईपुर बाजार, जगदीशपुर व बहरामपुर पेट्रोपपंप के निकट, दो चौराहे व तीन टी जंक्शन पर जरूरी इंतजाम किए जाने हैं। दोस्तपुर-अकबरपुर-जलालपुर न्योरी मार्ग पर तीन चौराहे व इतने ही टी जंक्शन, मालीपुर-जलालपुर से रामगढ़ मार्ग पर चार टी जंक्शन, बनकेगांव मोड़, अकबरपुर-चांदा पट्टी देल्हपुर राजमार्ग पर एक चौराहा, बांदा-टांडा राजमार्ग पर दो चौराहों पर संकेतक समेत अन्य प्रबंधन किए जाने प्रस्तावित हैं।