अंबेडकरनगर। जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में छह लोग घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से एक केजीएमयू लखनऊ रेफर कर दिया गया।
पड़ोसी जनपद अयोध्या के गोशाईगंज थाना अंतर्गत गोशाईगंज निवासी सुनील कुमार (22) पुत्र रणधीर रविवार को सुबह बाइक से अकबरपुर जा रहा था। बताया जाता है कि जब वह अहिरौली के निकट पहुंचा, तभी उधर से गुजर रहे ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत नाजुक देख केजीएमयू लखनऊ रेफर कर दिया गया।
इब्राहिमपुर थाना क्षेत्र के मीठेपुर गांव निवासी कृष्णकुमार (22) पुत्र चुन्नीलाल शनिवार देर शाम बाइक से घर जाते समय केदारनगर बाजार में बाइक की टक्कर लगने से घायल हो गया।
अकबरपुर कोतवाली अंतर्गत भाऊपुर गांव निवासी गोलू (25) पुत्र अंगद व बिलासपत्ति (60) पत्नी चंद्रशेखर देर शाम बाइक से अकबरपुर से घर जाते समय गांव के निकट ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर लगने से घायल हो गए।
बसखारी निवासी मोहम्मद हाशिम (65) पुत्र इमामुद्दीन देर शाम घर के निकट सड़क पार करने के दौरान बाइक की टक्कर लगने से घायल हो गए। जैतपुर थाना क्षेत्र के रामगढ़ गांव निवासी सूरज (19) पुत्र रामबहादुर सुबह बाइक से जलालपुर जाते समय रामगढ़ बाजार के निकट बाइक की टक्कर लगने से घायल हो गया। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।