अंबेडकरनगर। जिले के लोगों को अब आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत और बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिलेंगी। शासन ने योजना के दायरे को बढ़ाते हुए छह नए अस्पतालों को सूचीबद्ध किया है। पहले जहां जिले में 13 अस्पतालों में इलाज की सुविधा मिल रही थी। वहीं अब 19 अस्पतालों में मरीजों का निशुल्क उपचार संभव हो सकेगा।
अब तक योजना के तहत मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर, जिला अस्पताल, एनटीपीसी टांडा, और सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में मरीजों को इलाज की सुविधा दी जा रही थी। इसके साथ ही 13 निजी अस्पतालों को भी योजना में शामिल किया गया था। अब मेडलाइफ हॉस्पिटल एंड ट्राॅमा सेंटर, युमन हॉस्पिटल, एसएनआई हॉस्पिटल, कल्याण हॉस्पिटल, जीबी मेमोरियल हॉस्पिटल व नितिन सर्जिकल सेंटर को शामिल किया है। इससे दूरदराज के मरीजों को राहत मिलेगी और उन्हें बड़े शहरों की ओर रुख नहीं करना पड़ेगा।
पांच लाख रुपये तक को होता है इलाज
बीमार होने पर लोगों पर आर्थिक बोझ पड़ता है। इस वजह से लोग इलाज नहीं करा पाते हैं। इसी परेशानी को कम करने के लिए केंद्र की मोदी सरकार ने आयुष्मान भारत योजना शुरू की है। योजना के तहत लोगों को सालाना पांच लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज मिलता है। कार्डधारक किसी भी संबद्ध हॉस्पिटल में भर्ती होकर पांच लाख तक निशुल्क इलाज करा सकते हैं।
आयुष्मान योजना के तहत अब छह और निजी अस्पतालों को शामिल किया है, जिससे इनकी संख्या 19 हो गई है। नए अस्पतालों के शामिल होने से रोगियों को उपचार कराने में आसानी होगी।
डॉ. मुकुल त्रिपाठी, जिला समन्वयक आयुष्मान भारत