बसखारी। अयोध्या एयरपोर्ट में नौकरी दिलाने का झांसा देकर छह लाख रुपये की ठगी करने के मामले में एसपी के आदेश पर बसखारी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शाहपुर महमूदपुर निवासी मंगलदीप प्रजापति ने शिकायत में बताया कि अयोध्या जिले के पूरे बहेलिया निवासी उमाशंकर ने उन्हें एयरपोर्ट में नौकरी दिलाने का भरोसा दिया था। इसके एवज में छह लाख रुपये मांगे गए। नौकरी मिलने की उम्मीद में मंगलदीप ने नकद और ऑनलाइन माध्यम से पूरी रकम दे दी।
आरोप है कि रुपये लेने के बाद उमाशंकर उन्हें कुछ दिन इंतजार करने के लिए कहता रहा। काफी समय बीतने के बाद जब मंगलदीप ने रुपये वापस मांगे तो आरोपी टालमटोल करने लगा। पीड़ित के अनुसार, रकम के लिए दबाव बनाने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए धमकी दी और भगा दिया।
पीड़ित ने पहले स्थानीय थाने में शिकायत की, लेकिन प्राथमिकी दर्ज नहीं होने पर पुलिस अधीक्षक से गुहार लगाई। सीओ अरुण कुमार नौहवार ने बताया कि एसपी के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। जांच में दोषी पाए जाने पर आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।