विभिन्न मार्ग दुर्घटनाओं में छह लोग घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां से एक को ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। घायल बाइक सवारों ने हेल्मेट नहीं पहना था। थाना क्षेत्र जलालपुर अंतर्गत जलालपुर निवासी मोहम्मद नईम (32) पुत्र शकील अहमद शनिवार देर शाम बाइक से हजपुरा से घर जाते समय पिकअप की टक्कर लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया।
उसे पहले सीएचसी जलालपुर फिर जिला अस्पताल ले जाया गया जहां हालत की गंभीरता को देखते हुए ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। वहीं, अलीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत दहियावर गांव निवासी पंकज (24) पुत्र पतिराज शनिवार देर शाम बाइक से अकबरपुर से घर जाते समय सूरापुर बाजार के निकट ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर लगने से घायल हो गया।
उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। उधर, अकबरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मुबारकपुर डइयाडीह गांव निवासी वीरेंद्र (55) पुत्र रामशबद शनिवार देर शाम बाइक से अकबरपुर से घर जाते समय गांव के निकट पहुंचने पर तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर लगने से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इसी थाना क्षेत्र अंतर्गत खानशाहपुर सुलेमपुर गांव निवासी श्यामलाल (25) पुत्र रामबहाल रविवार सुबह बाइक से अकबरपुर आते समय नगर के निकट पहुंचने पर पिकअप की टक्कर लगने से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
वहीं, टांडा थाना क्षेत्र अंतर्गत ब्राहिमपुर कुसुमा गांव निवासी धर्मवीर (16) पुत्र मयाराम व मुकेश (17) पुत्र हनुमान रविवार सुबह एक ही बाइक से टांडा जाते समय नगर के निकट पहुंचने पर जीप की टक्कर लगने से घायल हो गए। दोनों को पहले सीएचसी टांडा ले जाया गया जहां हालत की गंभीरता को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल भेज दिया गया। घायल बाइक सवारों ने हेल्मेट नहीं लगा रखा था।