स्थानीय तहसील क्षेत्र के अशरफाबाद गांव में लगा विद्युत ट्रांसफार्मर करीब एक पखवारे से फुंका पड़ा है। इससे भीषण गर्मी में छह सौ आबादी अंधेरे में है। पावर कार्पोरेशन की लापरवाही से उपभोक्ताओं में रोष है। गौरतलब है कि अशरफाबाद गांव में लगा 25 केवी क्षमता का ट्रांसफार्मर पखवारे भर से फुंका पड़ा है।
इसके दुरुस्त न होने से गांव की करीब 600 आबादी प्रभावित हो रही है। उपभोक्ताओं ने जिला पंचायत सदस्य प्रद्युम्न यादव के साथ पावर कार्पोरेशन के अधिकारियों से शिकायत की कि अविलंब ट्रांसफार्मर दुरुस्त कराया जाए, अन्यथा ग्रामीण प्रदर्शन के लिए बाध्य होंगे। कहा कि पावर कार्पोरेशन की लापरवाही से उन लोगों को पर्याप्त विद्युत आपूर्ति नहीं मिल पाती है।
एक पखवारे से ट्रांसफार्मर फुंका पड़ा है लेकिन कोई सुध नहीं ले रहा है। उपभोक्ता राजमन, शिवपूजन व जगन्नाथ आदि ने पावर कार्पोरेशन के मनमाने रवैये पर कड़ा एतराज जताया है। कहा कि लंबे समय से ट्रांसफार्मर की क्षमता वृद्धि की भी मांग की जा रही है। एसडीओ एसके लहरी ने बताया कि जल्द ही ट्रांसफार्मर बदलवा दिया जाएगा।