अंबेडकरनगर। ऑर्केस्ट्रा पर हुए विवाद में संजय यादव की पीट-पीटकर हत्या के मामले में पुलिस ने मंगलवार को पिता-पुत्र समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात में शामिल कार और चार लोहे की पाइप बरामद किया है। अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि
टांडा के पकड़ी भोजपुर निवासी संजय यादव उर्फ तेगा (40) नौ मई को परिवार के साथ रिश्तेदार रामकिशोर की बेटी की शादी में सम्मनपुर के बरियावन स्थित एक मैरिज हाॅल गए थे। रात करीब 12:30 बजे संजय लापता हो गए थे। उसी रात ढाई बजे संजय मरणासन्न अवस्था में भोजपुर गांव के मार्ग पर मिले थे। संजय को बेरहमी से मारकर उनके हाथ-पैर तोड़ दिए गए थे और गुप्तांग पर भी प्रहार किए गए थे।
परिजनोंं ने मरणासन्न अवस्था में उन्हें राजकीय महामाया मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर ले गए थे, वहां उनकी मौत हो गई थी। संजय की पत्नी निशा यादव के मुताबिक छह मई को गांव के त्रिभुवन यादव की बेटी के विवाह में ऑर्केस्ट्रा के दौरान अनुराग उर्फ राज यादव और उसके पिता सजीवन यादव से किसी बात पर संजय का विवाद हुआ था। मामले में सुलह समझौता हो गया था। आरोप है कि इसी रंजिश के चलते अनुराग ने अपने साथी अभिषेक यादव निवासी मखदूम सराय अलीगंज, अंश यादव उर्फ डब्बू निवासी स खपुराअकबरपुर, राकेश यादव निवासी पकड़ीभोजपुर, नंदन व कुछ अज्ञात ने मिलकर हत्या कर दी थी।
मंगलवार को अनुराग यादव उर्फ राज यादव, रामसजीवन यादव, अंश यादव, आनंद यादव उर्फ बड़कउ उर्फ नंदन, अभिषेक यादव, शाबान को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी अनुराग यादव का लंबा आपराधिक इतिहास है। इसके खिलाफ अलग-अलग थानों में एससीएसटी, बलवा, जानलेवा हमला के 10 और अंश यादव पर हत्या, मारपीट, जानलेवा हमले समेत 12 केस दर्ज है।