भीटी तहसील क्षेत्र के सिलावट गांव में लगा 25 केवी का ट्रांसफार्मर लगभग डेढ़ माह से फुंका पड़ा है। इससे गांव की लगभग 1000 आबादी अंधेरे में है। उपभोक्ता ट्रांसफार्मर बदलवाने के लिए लंबे समय से उपकेंद्र व विभागीय कर्मचारियों का चक्कर काट रहे हैं, लेकिन अब तक ट्रांसफार्मर बदला नहीं जा सका है।
इससे उपभोक्ताओं को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। सिलावट गांव की लगभग 1000 आबादी को विद्युत आपूर्ति मुहैया कराने के लिए 25 केवी का ट्रांसफार्मर लगा है। ग्रामीणों का कहना है कि उपभोक्ताओं की संख्या व लोड के अनुसार ट्रांसफार्मर की क्षमता काफी कम है।
ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाए जाने की मांग लंबे समय से की जा रही है। कई बार विभागीय अधिकारियों को ज्ञापन भी दिया गया। इसके बावजूद ट्रांसफार्मर बदला नहीं गया। लोड के कारण ट्रांसफार्मर फुंक गया। करीब डेढ़ माह का समय बीत गया, लेकिन अब तक ट्रांसफार्मर बदला नहीं जा सका।
ग्रामीण कभी उपकेंद्र का चक्कर काटते फिर रहे हैं, तो कभी कर्मचारियों का। विभागीय कर्मचारी हैं कि उपभोक्ताओं को केवल टरका रहे हैं। उपभोक्ता विजयधारी सिंह, शिवचरन सिंह, बुधिराम, विजय कुमार पांडेय आदि ने अधिशासी अभियंता मुकेश बाबू से ट्रांसफार्मर बदलवाने की मांग की है।
कहा कि अगर एक सप्ताह में ट्रांसफार्मर न बदला गया तो वह सभी महरुआ उपकेंद्र का घेराव करने को विवश होंगे।
अधिशासी अभियंता मुकेश बाबू ने बताया कि ट्रांसफार्मरों की उपलब्धता सुनिश्चित होते ही बदल दिया जाएगा।