बदतर विद्युत आपूर्ति पर मंगलवार को भारतीय किसान यूनियन के सदस्यों व ग्रामीणों ने विद्युत उपकेंद्र भीटी का घेराव करते हुए एसडीओ विद्युत को बंधक बना लिया। कहा कि अघोषित विद्युत कटौती के साथ लंबे समय से लो वोल्टेज की समस्या बनी हुई है।
इसकी कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत भी की गई, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा सका। अघोषित विद्युत कटौती व लो वोल्टेज की समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों का धैर्य मंगलवार को जवाब दे गया। भारतीय किसान यूनियन जिलाध्यक्ष रणजीत उर्फ लल्लू वर्मा के नेतृत्व में भाकियू कार्यकर्ता व बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भीटी विद्युत उपकेंद्र पहुंचकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
प्रदर्शनकारियों ने एसडीओ विद्युत हिमांश साहू को उनके कार्यालय में बंद कर दिया। उपकेंद्र के घेराव व एसडीओ के बंधक बनाने की सूचना मिलते ही एसडीएम एसके वैश्य व सीओ सुधीर कुमार मौके पर पहुंचे।
उन्होंने भाकियू कार्यकर्ताओं व ग्रामीणों को लिखित आश्वासन दिया कि एक सप्ताह में विद्युत आपूर्ति में सुधार किया जाएगा। लगभग तीन घंटे तक चला प्रदर्शन आश्वासन के बाद समाप्त हुआ। सीओ ने एसडीओ के बंधक बनाने से इन्कार किया है।