अंबेडकरनगर। भीम सेना ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट के पास प्रदर्शन किया। तुगलकाबाद में संत शिरोमणि सतगुरु रविदास मंदिर का फिर से निर्माण कराने, सरकारी संस्थानों का निजीकरण रोकने व शिक्षा के दोहरीकरण पर अंकुश लगाने की मांग प्रमुखता से उठाई गई। जल्द ही मांगों का निस्तारण न होने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी गई। बाद में राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा गया।
जिलाध्यक्ष प्रेमसागर ने कहा कि 10 अगस्त को दिल्ली के तुगलकाबाद स्थित संत शिरोमणि सतगुरु रविदासजी के मंदिर को तोड़ने से आस्था आहत हुई है। श्रद्धालुओं की भावना को देखते हुए मंदिर का फिर से निर्माण कराया जाए। कहा कि सरकारी संस्थाओं का निजीकरण किया जा रहा है। युवाओं की नौकरी का भी पता नहीं है। उन्होंने कहा कि कक्षा 10 व 12 की कक्षाओं में भारतीय संविधान के बारे में पढ़ाया जाए। वक्ताओं ने कहा कि देश में शिक्षा की दोहरी नीति को समाप्त किया जाए। डीजल-पेट्रोल के दाम में लगातार वृद्धि हो रही है। इससे महंगाई बढ़ रही है। चेतावनी दी गई कि जल्द ही मांगें नहीं मानी गईं तो बड़ा आंदोलन होगा। इस दौरान लालजी, जंगबहादुर, विनय भारती, संतोष, सत्यम, शैलेंद्र, गोलू, अंशिका, सचिन आदि मौजूद रहे।