अंबेडकरनगर कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन करते ग्रामीण। संवाद
अंबेडकरनगर। राशन में घटतौली का आरोप लगाकर ग्रामीणों ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट में धरना प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने नायब तहसीलदार को ज्ञापन देकर मामले की जांच कराने व कोटेदार को हटाने की मांग की है।
सदर तहसील के ग्राम तारापुर खुर्द निवासी ग्रामीण मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुंचे। बड़ी संख्या में महिला व पुरुष ग्रामीणों ने कोटेदार के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। आरोप है कि कोटेदार प्रत्येक कार्ड धारक के राशन में कटौती कर रहा हैं। वहीं अवशेष राशन में भी घटतौली की जा रही है। कटौती व घटतौली का विरोध करने पर कोटेदार ग्रामीणों का राशन बंद करने की धमकी दे रहा है। पूर्ति निरीक्षक से कई बार शिकायत के बाद भी विभागीय स्तर पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीण अनिल कुमार ने कहा कि प्रशासन मामले का संज्ञान ले, इसके लिए धरना प्रदर्शन किया जा रहा है। जिला पूर्ति अधिकारी शिवाकांत पांडेय ने कहा कि इस संबंध में पता किया जा रहा है, जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। धरना प्रदर्शन के दौरान राजीव कुमार, अशोक, मिथुन, गुरु प्रसाद, संजीव कुमार, सूरज कुमार, प्रमिला देवी, रिजवाना बानो, डिंपल, सोनी, निशा देवी, किरन, गीता, मो. आलम, रेखा, अरुण कुमार, नीतू आदि मौजूद रहे।