भीषण गर्मी के बीच इलेक्ट्रिकल व इलेक्ट्रिॉनिक्स कारोबार में भी गर्मी आ गई है। कूलर, फ्रिज, पंखा व एसी आदि उपकरणों की बिक्री में विगत दिनों की अपेक्षा वृद्धि हुई है। लोगों को आकर्षित करने के लिए दुकानदार विभिन्न आफर दे रहे हैं।
कोई लकी ड्रॉ के जरिये ग्राहकों को उपहार देकर आकर्षित कर रहा है तो किसी ने दूसरे आफर दे रखे हैं। कहीं जीरो फाइनेंस पर फ्रिज व एसी का आफर है तो कहीं किस्तों के जरिये लोगों के घरों तक गर्मी दूर करने के उपकरण पहुंचाए जा रहे हैं। बीते कुछ दिनों से रात के साथ-साथ दिन के तापमान में भी तेजी से वृद्धि हो रही है।
गर्मी से बचने को लोग तरह-तरह की जुगत में लगे रहते हैं। साधन संपन्न व मध्यम वर्गीय लोग गर्मी से राहत पाने को विभिन्न उपकरणों की खरीदारी करते नजर आते हैं। सुबह से ही ऐसी दुकानों पर खरीदारों का पहुंचना प्रारंभ हो जाता है जो देर शाम तक जारी रहता है।
बढ़ती गर्मी एवं लोगों के ऐसे उपकरणों के प्रति बढ़ते रुझान को देखते हुए संबंधित दुकानदारों ने तरह-तरह के आफर देने शुरू कर दिए हैं। कूलर, फ्रिज व पंखे की बिक्री में बीते एक सप्ताह में खासी वृद्धि हुई है। संपन्न लोगों की पहली पसंद एसी बनी हुई है।
गर्मी दूर करने के उपकरणों की बिक्री में वृद्धि को न सिर्फ लकी ड्रॉ के जरिए उपहार देने के बोर्ड दुकानों के समक्ष लगे हुए हैं वरन ब्रांडेड कंपनियों द्वारा लुभावने आफर भी दिए गए हैं। अकबरपुर नगर स्थित वर्मा इलेक्ट्रॉनिक के प्रोपराइटर धीरेंद्र ने बताया कि विगत वर्ष की अपेक्षा इस वर्ष कूलर, फ्रिज, पंखा व एसी की बिक्री में वृद्धि हुई है।
पैडस्टल पंखा 1200 से लेकर ढाई हजार, कूलर तीन से 15 हजार, फ्रिज 10 से 26 हजार, सीलिंग पंखा एक से ढाई हजार व एसी 23 से 42 हजार रुपये में बिक रहा है। बताया कि लकी ड्रॉ के जरिए उपहार दिए जाने का आफर दे रखा है।
शहजादपुर बाजार के दुकानदार रमेश कुमार सोनी ने बताया कि उन्होंने जीरो फाइनेंस पर फ्रिज व एसी बिक्री की व्यवस्था कर रखी है। बताया कि विगत एक सप्ताह में फ्रिज, कूलर व पंखे की बिक्री में वृद्धि हुई है। भीषण गर्मी को देखते हुए बिक्री में और भी ज्यादा की उम्मीद है।
एक अन्य दुकानदार मनोज अग्रहरि ने बताया कि ब्रांडेड कंपनियों के उपकरणों पर पांच प्रतिशत की छूट दी जा रही है। इसके अलावा गैर ब्रांडेड उपकरणों के लिए लकी ड्रॉ की व्यवस्था की गई है। बताया कि विगत वर्ष की अपेक्षा इस बार 20 प्रतिशत से अधिक बिक्री हो रही है।
गर्मी का रिकार्ड गत वर्ष के सभी आंकड़ों को तोड़ डालने पर आमादा है। इस बार चैत्र में ही जेठ वाली गर्मी महसूस की जा रही है। इससे कूलर व फ्रिज की बिक्री आमतौर पर सबसे ज्यादा बढ़ी है जबकि एसी का कारोबार भी गति पकड़ रहा है।
कूलर के कारोबार में प्लास्टिक बॉडी वाले कूलरों की बिक्री पर ग्राहकों का ध्यान ज्यादा है। शहजादपुर मुख्य बाजार में खरीदारी के लिए पहुंचे सुरेंद्र त्रिपाठी ने कहा कि प्लास्टिक बॉडी वाले कूलर ज्यादा सुविधाजनक हैं। यह टिकाऊ के साथ-साथ अच्छी हवा देने वाले होते हैं।