अंबेडकरनगर)। भीटी स्थानीय थाना क्षेत्र के अढ़नपुर बाजार स्थित किराने की दुकान में शॉर्ट सर्किट से लगी आग में दुकान जलकर राख हो गई। गुहार पर पहुंचे ग्रामीणों की कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया। अग्निकांड से पीड़ित दुकानदार को हजारों का नुकसान हुआ है। सूचना पर पहुंचे क्षेत्रीय लेखपाल ने क्षति का आंकलन किया।
जानकारी के अनुसार भीटी थाना क्षेत्र के अढनपुर बाजार में शेर मोहम्मद की किराने की दुकान है। शनिवार देर शाम वह दुकान बंद कर घर में सोने के लिए चला गया। रात में शॉर्ट सर्किट से दुकान में आग लग गई। दुकान से आग की लपटें व धुआं निकलता देख आसपास के लोगों को घटना की जानकारी हुई। आनन-फानन में इर्द गिर्द के लोग आग बुझाने के लिए दुकान की तरफ दौड़े, लेकिन तब तक आग ने परी दुकान को अपनी जद में ले लिया था। देखते ही देखते दुकान में रखा पूरा सामान धू धू कर के जलने लगा।
स्थानीय लोगों ने किसी तरह से दुकान का शटर खोला और आग पर काबू पाने का प्रयास किया। काफी जद्दोजहद के बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया। तब तक दुकान में रखा सामान व फर्नीचर आदि जलकर राख हो चुका था। पीड़ित के अनुसार उसे करीब एक लाख रुपए का नुकसान हुआ है। बाद में सूचना पर पहुंचे क्षेत्रीय लेखपाल ने नुकसान का आंकलन कर रिपोर्ट तहसीलदार को भेज दी है। ग्रामीणों ने दुकानदार को आर्थिक मदद सुनिश्चित कराए जाने की मांग की है।