अंबेडकरनगर। सावन के तीसरे दिन शनिवार को जिलेभर के शिवालयों में आस्था और भक्ति का माहौल रहा। सुबह से श्रद्धालुओं ने मंदिरों में पहुंचकर गंगाजल, दूध, बेलपत्र, धतूरा और पुष्प अर्पित कर भगवान शिव का जलाभिषेक व पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और सुख-शांति की कामना की।
सावन के कारण प्रमुख शिवालयों में सुबह से श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। मंदिर परिसरों में श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्वक अपनी बारी का इंतजार कर दर्शन किए। पूरे दिन धार्मिक वातावरण और शिवभक्ति का उत्साह बना रहा।कटेहरी स्थित पवित्र शिवबाबा धाम में तड़के से ही श्रद्धालुओं का आगमन शुरू हो गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक और दुग्धाभिषेक किया। नगर के गायत्री मंदिर, शहजादपुर शिवालय घाट, पहितीपुर रोड स्थित शिव मंदिर, मीरानपुर शिवालय घाट और बस स्टेशन स्थित शिव मंदिर में भी श्रद्धालुओं ने दर्शन, जलाभिषेक और पूजा-अर्चना कर अपनी मनोकामनाएं व्यक्त कीं। सुबह से दोपहर तक सभी मंदिरों में दर्शन और पूजा का क्रम निरंतर चलता रहा।