जहांगीरगंज के सिंहपुर वार्ड में शिव मंदिर पर हाल का कराया जा रहा निर्माण
अंबेडकरनगर। वंदन योजना के तहत प्राचीन धार्मिक स्थलों के जीर्णोद्धार और सुंदरीकरण के क्रम में नगर पंचायत जहांगीरगंज के सिंह वार्ड स्थित प्राचीन शिव मंदिर और उससे सटे तालाब का कायाकल्प शुरू हो गया है। इस परियोजना के लिए शासन की ओर से दो करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है।
नगर पंचायत क्षेत्र में स्थित कई धार्मिक स्थल लंबे समय से उपेक्षित हैं, जिनमें से यह शिव मंदिर भी शामिल था। क्षेत्रीय आस्था का केंद्र रहे इस मंदिर के सुंदरीकरण की मांग नगर पंचायत की हाल ही में संपन्न बोर्ड बैठक में प्रमुखता से उठी थी। बोर्ड ने प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा, जिसके अनुमोदन के बाद अब स्थानीय लोगों की वर्षों पुरानी मांग पूरी होने जा रही है। मंदिर परिसर के साथ ही वहां स्थित तालाब को भी सुसज्जित किया जा रहा है। तालाब की सीढ़ियों का निर्माण, प्रकाश व्यवस्था, यज्ञशाला, आरओ प्लांट, और सजावटी पत्थरों से सुंदरीकरण किया जाएगा। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर काम शुरू कराया जा चुका है। नगर पंचायत के ईओ उमेश कुमार ने जानकारी दी कि मंदिर के सुंदरीकरण कार्य की शुरुआत हो चुकी है। यह स्थान केवल नगर पंचायत ही नहीं, बल्कि आसपास के लोगों की गहरी आस्था का केंद्र है। कार्य को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध ढंग से पूरा कराया जाएगा।