अंबेडकरनगर। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के गोरखपुर–फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की निर्वाचक नामावलियों के पुनरीक्षण का कार्य प्रारंभ हो चुका है, जो छह नवंबर तक चलेगा। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार यह पुनरीक्षण एक नवंबर 2025 की अर्हता तिथि के आधार पर किया जा रहा है।
सहायक निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी/ डीएमअनुपम शुक्ला ने बताया कि पुनरीक्षण कार्यक्रम की शुरुआत 30 सितंबर 2025 से हो चुकी है। फार्म-19 में आवेदन प्राप्त करने की अंतिम तिथि छह नवंबर निर्धारित की गई है। निर्वाचक नामावलियों का आलेख्य प्रकाशन 25 नवंबर को किया जाएगा, जिसके बाद दावे और आपत्तियों की अवधि 25 नवंबर से 10 दिसंबर तक रखी गई है। उप जिलाधिकारियों को सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी व खंड विकास अधिकारी टांडा, अकबरपुर, कटेहरी, जलालपुर, रामनगर एवं जहांगीरगंज व खंड शिक्षा अधिकारी भीटी, बसखारी और भियांव को पदाभिहित अधिकारी नियुक्त किया गया है।