अंबेडकरनगर। बिना पात्रता के प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ उठा रहे 2690 अपात्रों पर जल्द ही गाज गिरेगी। इसके लिए संबंधित अपात्रों को नोटिस जारी कर तत्काल आहरित धनराशि सरेंडर करने का निर्देश दिया गया है। धनराशि वापस न करने पर आरोपी के खिलाफ बकाया राजस्व की वसूली की तरह कड़ी कार्रवाई होगी। इससे बचने के लिए अब तक 506 अपात्रों ने संबंधित ब्लाक मुख्यालय पर 40.71 लाख की धनराशि जमा भी कर दी है।
किसानों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए केंद्र सरकार द्वारा अत्यंत महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का संचालन किया जा रहा है। योजना के तहत लघु सीमांत किसानों को योजना का लाभ दिलाते हुए प्रति वर्ष छह हजार रुपये की राशि दो दो हजार रुपये की तीन किस्तों में दिया जाता है। योजना के तहत जिले में तीन लाख से अधिक किसानों को योजना का लाभ दिया जा रहा है। इनमें तमाम ऐसे भी किसान शामिल हैं जो अपात्र होते हुए भी योजना का लाभ ले रहे हैं। इसे गंभीरता से लेते हुए लाभार्थियों का स्थलीय सत्यापन कराया जा रहा है। सत्यापन में अपात्र मिलने वालों से रिकवरी की कार्रवाई होगी।
कृषि विभाग के अनुसार जिले में संचालित सत्यापन अभियान में अब तक 3669 अपात्र मिले है। कार्रवाई से बचने के लिए इनमें से 506 अपात्रों ने संबंधित ब्लाक मुख्यालय पर पहुंचकर निधि के तहत प्राप्त 40,71,500 लाख की धनराशि सरकारी खजाने में वापस जमा कर दी है। इसमें अकबरपुर ब्लाक में 89 अपात्रों द्वारा 6.94 लाख, कटेहरी में 88 अपात्रों द्वारा 6.77 लाख, भीटी में 29 अपात्रों द्वारा 2.52 लाख, जलालपुर में 129 अपात्रों द्वारा 10.48 लाख, भियांव में 18 द्वारा 1 लाख 64 हजार, टांडा में 33 द्वारा 2 लाख 34 हजार, बसखारी में 69 द्वारा 5 लाख 66 हजार, रामनगर में 15 अपात्रों ने 1.12 लाख , जहांगीरगंज में 24 अपात्रों द्वारा 1.44 लाख व ब्लाक कार्यालय में 12 अपात्रों द्वारा 1.80 लाख की सम्मान निधि की धनराशि वापस लौटाते हुए सरकारी खजाने में जमा कराई है।
2690 डिफाल्टरों को भेजा नोटिस
कृषि विभाग के अनुसार अपात्रता के बाज भी प्राप्त सम्मान निधि वापस न करने वाले 2690 डिफाल्टरों को नोटिस जारी कर धनराशि वापस करने को निर्देशित किया गया है। यह सभी अपात्र प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ उठा रहे थे। प्रभारी उप कृषि निदेशक राजमंगल चौधरी ने बताया कि नोटिस में चेताया गया है कि यदि शीघ्र ही संबंधित ब्लाक मुख्यालय या फिर कृषि विभाग कार्यालय में सरेंडर करते हुए आहरित धनराशि वापस जमा नहीं करने पर संबंधित के खिलाफ रिकवरी कार्रवाई शुरू होगी। इसके तहत अकबरपुर ब्लाक में 592, कटेहरी में 340, भीटी में 324, जलालपुर में 345, भियांव में 190, टांडा में 83, बसखारी में 220, रामनगर में 285 व जहांगीरगंज में 311 अपात्रों को पैसा जमा कराने के लिए नोटिस भेजी गई है।