अंबेडकरनगर। पीड़ित की मदद के लिए मौके पर जाने से पहले पेट्रोल डलवाने की मांग करने वाले सिपाही को एसपी आलोक प्रियदर्शी ने लाइन हाजिर कर दिया है। सिर्फ अमर उजाला ने पीड़ित के दर्द को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। एसपी ने इसका संज्ञान लेते हुए यह कार्रवाई तत्काल कर दी। उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा कि किसी भी थाना प्रभारी, दीवान व सिपाही की ओर से इस प्रकार का कृत्य बर्दाश्त नहीं किया जायेगा।
सम्मनपुर थाना क्षेत्र के रोशनगढ़ निवासी रामअवतार के अनुसार सिपाही पवन चतुर्वेदी ने उनके प्रार्थना पत्र के बाद मौके पर जाने के लिए पेट्रोल के नाम पर 500 रुपये मांगे थे। रामअवतार ने सिपाही से जिस सैदापुर चौकी पर मुलाकात की थी, वहां से मात्र एक किलोमीटर दूर ही जाना था। इसके लिए उन्होंने दो सौ रुपये देने पर हामी भी भर ली थी। लेकिन सिपाही ने यह कहकर इंकार कर दिया कि हम 500 रुपये से कम नहीं लेते।
रामअवतार इसके बाद घर लौट गये। उनकी ओर से एसपी को भेजी गई शिकायत अमर उजाला ने अत्यंत प्रमुखता से प्रकाशित की। इस पर एसपी आलोक प्रियदर्शी ने शनिवार सुबह ही थाना प्रभारी सम्मनपुर को फोन कर निर्देश दिया कि सिपाही की रवानगी पुलिस लाइन के लिए कर दी जाए। इसके तत्काल बाद सिपाही पवन एक अन्य सिपाही के साथ रामअवतार के घर पहुंच गया। गलती के लिए खेद जताया और भविष्य में ऐसा न होने का भरोसा दिलाया।
इसके बाद दिन भर तमाम प्रयासों का दौर चलता रहा। सपा के प्रदेश मुख्यालय ने भी इस खबर को सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए डीजीपी से कार्रवाई कराने को कहा। उधर ,सुबह ही दिये गये आदेश के क्रम में एसपी आलोक प्रियदर्शी ने बाद में अधिकृत तौर पर सिपाही को लाइन हाजिर कर दिया।