शिवबाबा व सद्दरपुर में लगभग 65 लाख की लागत से पार्क के निर्माण को मंजूरी दी गई, तो वहीं तीन ओवरहेड टैंक व नौ नए नलकूप की स्थापना के साथ ही पुरानी पाइप लाइन को बदलने के लिए लगभग 24 करोड़ रुपये के कार्य को मंजूरी मिली।
46 करोड़ रुपये से नगर क्षेत्र में सीवर लाइन तैयार करने को पालिका बोर्ड ने अपनी हरी झण्डी प्रदान कर दी। कई महत्वपूर्ण मार्गों के पुनर्निर्माण के साथ ही 600 सोडियम लाइट खरीद को अनुमति दी गई। गरीब लोगों को ठंड से बचाने के लिए 5 हजार नए कंबल खरीद का निर्णय भी पालिका बोर्ड ने सर्वसम्मति से लिया।
नगर परिषद अध्यक्ष चंद्रप्रकाश वर्मा ने बैठक में कहा कि वे व्यक्तिगत तौर पर जो भी बन पड़ेगा, वे सदैव तैयार रहेंगे। अध्यक्ष ने भरोसा दिलाया कि विकास के लिए वे शासन तक समुचित वार्ता आदि करने में पीछे नहीं हटेंगे। बाद में सर्विस लेवल इम्प्रूवमेंट प्लान के अन्तर्गत शिवबाबा में 40 लाख 67 हजार की लागत से तथा सद्दरपुर में 24 लाख 15 हजार की लागत से पार्क निर्माण को हरी झण्डी दी गई।
संगठित विकास योजना के तहत सब्जी मण्डी शहजादपुर में निर्मित 39 दुकानों की रंगाई, पुताई एवं मरम्मत कराए जाने एवं इसके बाद नीलाम कर आवंटन की प्रक्रिया शुरू किए जाने का निर्णय लिया गया। नगर क्षेत्र में 23 करोड़ 9 लाख 54 हजार रुपये की लागत से पेयजल व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए नौ नलकूप, तीन ओवरहेड टैंक स्थापित किए जाने एवं पुरानी पाइप लाइनों को बदलने को हरी झंडी मिली।
गौरतलब है कि क्षतिग्रस्त पेयजल लाइनों के चलते अक्सर गंदे पानी की आपूर्ति हो जाने की समस्या सामने आ जाती थी। जलनिकासी व्यवस्था के संकट से जूझ रहे अकबरपुर नगर में बड़ा कदम उठाते हुए 46 करोड़ 23 लाख रुपये की लागत से सीवर लाइन डालने को भी मंजूरी दी गई। असहाय लोगों के बीच 5 हजार कंबल वितरित करने का भी निर्णय लिया गया।
बोर्ड ने तय किया कि अकबरपुर बसखारी रोड पर बसपा कार्यालय के निकट से जौहरडीह होते हुए रेलवे स्टेशन तक के क्षतिग्रस्त मार्ग का पुनर्निर्माण कराया जाएगा। इसके अलावा तमसा मार्ग, मरैला के निकट से पीरपुर मार्ग व ईदगाह मार्ग को भी पिच रोड के स्थान पर सीसी रोड बनाए जाने को मंजूरी प्रदान की गई।
नगर क्षेत्र में बेहतर मार्ग प्रकाश व्यवस्था के लिए 600 सोडियम लाइट की खरीद को पालिका बोर्ड ने हरी झण्डी प्रदान कर दी। इससे कई क्षेत्रों में बेहतर मार्ग प्रकाश व्यवस्था तय हो सकेगी। बैठक में अधिशाषी अधिकारी संगीता कुमारी, अवर अभियंता दिनेश राय, जगदंबिका सिंह, बृजेश शुक्ल, सभासद अमित त्रिपाठी, अशोक गुप्ता, नाजरीन बेगम, दयाराम, मायावती, फैयाज, काशीप्रसाद, राजेश यादव मौजूद रहे।