कुत्ते के हमले से घायल चंद्रशेखर। संवाद
कटेहरी (अंबेडकरनगर)। क्षेत्र में शुक्रवार रात एक कुत्ते ने अलग-अलग गांवों में हमला कर बच्चों समेत सात लोगों को घायल कर दिया। लगातार हमलों से ग्रामीणों में अफरातफरी मच गई। गुस्साए ग्रामीणों ने पीछा कर कुत्ते को मार डाला। सभी घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां छह लोगों को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। गंभीर रूप से घायल एक का इलाज जारी है।
दरावन मीरमऊ गांव में शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे बाजार से घर लौट रहे चंद्रशेखर पर कुत्ते ने हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक कुत्ता पांच वर्षीय शिवा और गंगादीन (38) समेत कई लोगों को काट चुका था। इसके बाद ग्रामीणों ने कुत्ते का पीछा कर उसे मार डाला।
इससे पहले कुत्ता रघुपुर निवासी दीपांशु (13), चाचिकपुर निवासी सृष्टि और मौसम (18) तथा खमपुर निवासी हरिनारायण को भी घायल कर चुका था। सभी घायलों को परिजनों और ग्रामीणों ने अस्पताल पहुंचाया।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. अंकुश वर्मा ने बताया कि रात में अस्पताल पहुंचे सभी घायलों का उपचार किया गया और उन्हें एंटी रैबीज का इंजेक्शन लगाया गया। छह घायलों को उपचार के बाद घर भेज दिया गया है, जबकि गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति का इलाज जारी है।