जिले में तेज बुखार का प्रकोप कम होने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार को भी इससे पीड़ित सात और मरीज जिला अस्पताल में भर्ती हुए। इनमें से दो को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया।
अकबरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मीरानपुर निवासी सुशील (29) गुरुवार देर शाम तेज बुखार की चपेट में आ गया। शुक्रवार सुबह उसे जिला अस्पताल से ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।
वहीं, अहिरौली थाना क्षेत्र अंतर्गत कटेहरी निवासी रामलाल (85)बुधवार सुबह तेज बुखार की चपेट में आ गए। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर उन्हें ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। उधर, अकबरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कालेपुर गांव निवासी महबूब (25) को तेज बुखार चढ़ने पर शुक्रवार सुबह जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
इसी थाना क्षेत्र के शाहजहांपुर गांव निवासी जावेद (18) जुबेर गुरुवार सुबह तेज बुखार की चपेट में आ गया। शुक्रवार सुबह उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसी थाना क्षेत्र के ही मुरादपुर निवासी अंकित (18) बुधवार को तेज बुखार की चपेट में आ गया।
शुक्रवार सुबह परिवारीजनों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, टांडा थाना क्षेत्र अंतर्गत कश्मीरिया निवासी हरिप्रसाद (70) बुधवार सुबह तेज बुखार की चपेट में आ गए। उन्हें पहले सीएचसी टांडा फिर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। इनके अलावा अकबरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रगड़गंज बाजार निवासी मुकेश (55) पुत्र महावीर को गुरुवार शाम अचानक तेज बुखार चढ़ गया। शुक्रवार सुबह उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।