टांडा (अंबेडकरनगर)। अलीगंज थाना क्षेत्र के हक्कानी शाह की दरगाह तलवापार में बीती 10 जून को उपद्रव करने वाले सात और आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इस मामले में पुलिस अब तक 41 आरोपियों को जेल भेज चुकी है। उधर, उपद्रव को शांत कराने के लिए मौके पर बुलाए गए एआईएमआईएम नेता इरफान पठान की भूमिका को लेकर जांच जारी है। आरोप है कि उन्होंने ही पहले लोगों को उकसाया था। हालांकि वे इससे लगातार इन्कार कर रहे हैं।
10 जून को जुमे की नमाज के बाद हुए उपद्रव में 36 नामजद व तमाम अज्ञात के विरुद्ध अलीगंज थाने में केस दर्ज है। थानाध्यक्ष अलीगंज नागेंद्र सरोज ने बताया कि सोमवार को पहचान होने के बाद सात अन्य आरोपियों अशरफ उर्फ मुन्ना, गौसुल आजम, राशिद, नियाज, सफीक अहमद, नूर अली, फरमान आलम को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के बाद इन सभी को जेल भेज दिया गया। वीडियो व फुटेज के आधार पर अन्य उपद्रवियों की पहचान की जा रही है।
पुलिस की ओर से जगह-जगह चस्पा किए गए पोस्टर में हिस्ट्रीशीटर व एआईएमआईएम नेता इरफान पठान का चचेरा भाई इजाज भी साफ दिख रहा है। उसकी गिरफ्तारी जल्द करने की आवाज लोगों के बीच से उठ रही है। इस बीच उपद्रव के दिन आक्रोश को शांत कराने के लिए मौके पर पुलिस की ओर से बुलाए गए इरफान की भूमिका को लेकर जांच भी हो रही है।
यह आरोप सामने आया है कि उनकी ओर से ही जुलूस के लिए उकसाया गया था। हालांकि इरफान ने इन आरोपों को बेबुनियाद बताया है। एसपी अजीत कुमार सिन्हा का कहना है कि उपद्रवियों को किसी भी दशा में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस टीम सभी उपद्रवियों को गिरफ्तार कर कड़ी सजा दिलाएगी।