विभिन्न मार्ग दुर्घटनाओं में सात लोग घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां से एक को ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। घायल बाइक सवारों ने हेलमेट नहीं पहना था। सुल्तानपुर जनपद के अखंडनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत कोदार गांव निवासी धर्मेंद्र (28) पुत्र रामशंकर सोमवार सुबह बाइक से अकबरपुर आते समय नगर के निकट पहुंचने पर पिकअप की टक्कर लगने से घायल हो गया।
उसे जिला अस्पताल ले जाया गया जहां हालत की गंभीरता को देखते हुए ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। वहीं, बसखारी थाना क्षेत्र अंतर्गत अमिया गांव निवासी अनिरुद्ध (24) पुत्र सुग्रीव व दिलीप (23) पुत्र लक्ष्मी नरायन रविवार देर शाम बाइक से बसखारी से घर जाते समय गांव के निकट ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर लगने से घायल हो गए।
दोनों को सीएचसी बसखारी ले जाया गया जहां हालत की गंभीरता को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। उधर, इब्राहिमपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत इल्तिफातगंज गांव निवासी सूरज (26) पुत्र प्रेमप्रकाश व रवि (23) पुत्र वीरेंद्र रविवार देर शाम बाइक से घर जाते समय केदारनगर बाजार में ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर लगने से घायल हो गए।
दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनके अलावा इब्राहिमपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चांदपुर गांव निवासी रामचेत (46) पुत्र रामवचन सोमवार सुबह इब्राहिमपुर जाते समय बाइक की टक्कर लगने से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सम्मनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सम्मनपुर निवासी आलोक (26) पुत्र हरीलाल सोमवार सुबह बाइक से जलालपुर जाते समय नगर के निकट पहुंचने पर पिकअप की टक्कर लगने से घायल हो गया। उसे पहले सीएचसी जलालपुर फिर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाइक सवार घायलों ने हेलमेट नहीं लगा रखा था।