दो बाइक की टक्कर में शनिवार को दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। सीएचसी भीटी से एक को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। उधर, अन्य मार्ग दुर्घटनाओं में दो वृद्ध समेत पांच लोग घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, एक की हालत गंभीर बनी हुई है। बाइक सवार घायलों ने हेल्मेट नहीं पहना था।
थाना क्षेत्र महरुआ अंतर्गत हुसेनपुर गांव निवासिनी सुशीला देवी (40) पत्नी मिठाईलाल शनिवार दोपहर अपने रिश्तेदार के साथ भीटी बाजार से घर जा रही थी। अढनपुर बाजार के निकट सामने से आ रही एक बाइक से टक्कर हो गई। इससे सुशीला देवी के साथ-साथ दूसरी बाइक पर सवार महरुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत सुभाकरपुर गांव निवासिनी निशा देवी (35) पत्नी सूर्यलाल गंभीर रूप से घायल हो गईं।
दोनों को सीएचसी भीटी में भर्ती कराया गया। यहां हालत की गंभीरता को देखते हुए निशा देवी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। उधर मालीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत करीमपुर गांव निवासी रामकुमार (60) पुत्र रामअछैबर शुक्रवार देर शाम बाइक से घर जाते समय गांव के निकट पहुंचने पर ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर लगने से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
वहीं, अकबरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत उसरहवा निवासी रामचंद्र (40) पुत्र रामराज शनिवार सुबह अकबरपुर तहसील तिराहा के निकट बाइक की टक्कर लगने से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसी थाना क्षेत्र अंतर्गत सोनहरा गांव निवासिनी किसमत्ती देवी (65) पत्नी जमुनाप्रसाद शनिवार सुबह घर के निकट सड़क पार करते समय बाइक की टक्कर लगने से घायल हो गई।
उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। उधर, इब्राहिमपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत दरवेशपुर गांव निवासी अनिल (30) पुत्र तुलसीराम शुक्रवार देर शाम बाइक से टांडा से घर जाते समय गांव के निकट पहुंचने पर पिकअप की टक्कर लगने से घायल हो गया।
उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनके अलावा जलालपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत जलालपुर निवासी आशाराम (35) पुत्र बुद्धू शनिवार सुबह बाइक से अकबरपुर आते समय नगर के निकट पहुंचने पर बाइक की टक्कर लगने से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाइक सवार घायलों ने हेल्मेट नहीं लगा रखा था।