टांडा। नौकरी दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। एक कोचिंग सेंटर के संचालक पर धोखाधड़ी किए जाने का आरोप लगाते हुए छात्राओं ने कोतवाली परिसर स्थित महिला हेल्प डेस्क पर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में छानबीन शुरू कर दी है। उधर छात्राओं ने महिला हेल्प डेस्क की कर्मचारी पर दबाव बनाने का आरोप लगाया। इस संबंध में एक वीडियो भी वायरल हुआ, जिसमें महिला कर्मचारी छात्राओं को समझाते हुए दिख रही है।
कोतवाली परिसर स्थित महिला हेल्प डेस्क में शनिवार को शिकायत करने पहुंची छात्रा नेहा चौहान, निधि प्रजापति, गरिमा यादव, साधना व कुकुम ने शिकायत दर्ज कराते हुए कहा कि चिंतौरा गांव में संचालित एक कोचिंग संचालक ने कम्प्यूटर कोचिंग कराने के नाम पर प्रवेश लिया था। कहा गया कि न सिर्फ नौकरी मिलेगी, बल्कि उन्हें इसके बदले सैलरी भी मिलेगी।
आरोप लगाते हुए कहा कि प्रवेश के नाम प्रति छात्रा 20 हजार रुपये लिया गया था। ट्रेनिंग के बाद जब उन्हें किसी प्रकार की सैलरी नहीं मिली, तो उन्होंने संचालक से सैलरी दिलाए जाने की मांग शुरू कर दी। उसके द्वारा आनाकानी की जाने लगी। इस पर धोखाधड़ी किए जाने की आशंका हुई। जब जानकारी हासिल की गई, तो पता चला कि उन सभी का प्रवेश कम्प्यूटर ट्रेनिंग मार्केटिंग सेंटर से किया गया है।
छात्राओं ने मामले में संबंधित संचालक के विरुद्ध केस दर्ज किए जाने व दी गई राशि को वापस दिलाए जाने की मांग की। कोतवाली प्रभारी संजय पाण्डेय ने बताया कि शिकायत मिली है। मामले में जांच कर कार्रवाई की जाएगी। उधर मामले में महिला डेस्क पुलिस कर्मचारी पर दबाव बनाने का आरोप लगाते हुए छात्राओं ने कहा कि एक महिला सिपाही ने उन सबको समझाया कि उन पर किसी प्रकार का केस मत दर्ज कराओ। इससे कोई लाभ होने वाला नहीं है। इस संबंध में शनिवार को एक वीडियो भी वॉयरल हुआ। उधर संबंधित महिला आरक्षी ने आरोपों को मनगढ़ंत बताते हुए कहा कि उन्होंने छात्राओं को सिर्फ समझाया बुझाया था। किसी प्रकार का दबाव नहीं बनाया गया।