बसखारी। थाना क्षेत्र के बसखारी बाजार में निर्माणाधीन भवन में शनिवार को शटरिंग कार्य के दौरान लोहे की सरिया हाईटेंशन लाइन से छू गई। इससे कई मजदूर चपेट में आ गए। एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य करंट से झुलस गए। बाजार क्षेत्र का मामला होने के कारण घटना से काफी देर तक मौके पर अफरातफरी मची रही। सभी का स्थानीय स्तर पर इलाज कराया गया। एक मजदूर को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। उधर, सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, बसखारी बाजार स्थित हनुमानगढ़ी मंदिर मोड़ पर अरविंद पुत्र ईदल द्वारा भवन का निर्माण कराया जा रहा है। मौजूदा समय में तीसरी मंजिल पर काम चल रहा है। बताया जाता है कि शनिवार को तीसरी मंजिल पर शटरिंग का कार्य चल रहा था। इसके लिए नीचे से सरिया को ऊपर पहुंचाने का कार्य चल रहा था। तीन-तीन सरिया को बांधकर उसे ऊपर भेजा जा रहा था। नीचे से दो मजदूर सरिया को ऊपर कर रहे थे, जिसे ऊपरी मंजिल पर बैठे मजदूर खींच रहे थे।
बताया जाता है कि वीरेंद्र व परशुराम तीन सरिया बांधकर ऊपर भेज रहे थे। इससे पहले कि ऊपर बैठे मजदूर उसे पकड़ते बंधन खुल गया और एक सरिया घर के सामने स्थित ट्रांसफार्मर की हाईटेंशन लाइन पर गिर पड़ी। इससे तीनों सरिया में करंट दौड़ गया। नतीजा यह हुआ कि सरिया पकड़े बसखारी थाना अन्तर्गत बनपुरवा गांव निवासी वीरेंद्र (19) पुत्र शिवपूजन की मौके पर ही झुलसकर मौत हो गई, जबकि पाईपुर निवासी परशुराम (19) पुत्र बिफई गंभीर रूप से झुलसकर बेहोश हो गया। इसके अलावा मोतिगरपुर निवासी अमन (20) पुत्र राजेश, धीरज (19) पुत्र शंकर तथा अभिषेक (20) पुत्र रामजतन भी झुलस गए।
अचानक हुई घटना से मौके पर अफरातफरी मच गई। आननफानन में वीरेंद्र व परशुराम को एक निजी अस्पताल ले जाया गया। यहां चिकित्सकों ने वीरेंद्र को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि गंभीर रूप से झुलसे परशुराम को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। अन्य घायलों को भी एक निजी अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को घर भेज दिया गया। इस बीच सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसओ श्रीनिवास पाण्डेय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिली तो कार्रवाई की जाएगी।