अंबेडकरनगर। जिला अस्पताल में वरिष्ठ सहायक के पद तैनात विनय कुमार श्रीवास्तव के आठ बार बोनस लेने के मामले कमेटी ने अपनी जांच पूरी कर ली है। इसमें कर्मचारी की संलिप्तता जाहिर होने के बाद अब कार्रवाई की तैयारी है। जिला अस्पताल में तैनात कर्मचारियों को वर्ष 2024 में दीपावली पर बोनस दिया जाना था। आरोप है कि वरिष्ठ सहायक विनय कुमार श्रीवास्तव ने एक बार नहीं बल्कि आठ बार 6,908 रुपये की दर से बोनस आहरित किया।
कुछ कर्मचारियों ने इसकी शिकायत एमएलसी देवेंद्र प्रताप सिंह से की। इसके बाद जून माह में मामला मुख्यमंत्री कार्यालय तक पहुंचा। शासन से आदेश आने के बाद तीन जुलाई को डीएम ईशा प्रिया ने मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम बनाकर एक सप्ताह में रिपोर्ट मांगी थी। इसमें एसीएमओ डॉ. रामानंद, वरिष्ठ कोषाधिकारी बृजलाल व जिला समाज कल्याण अधिकारी विक्रम कौशल शामिल थे। जांच टीम ने मामले की जांच पूरी कर ली है। जल्द ही सीएमओ के माध्यम से रिपोर्ट कार्रवाई की संस्तुति के साथ सीएमओ को सौंपी जाएगी।
वर्ष 2021 से है जिला अस्पताल में तैनाती
वरिष्ठ सहायक विनय श्रीवास्तव जिला अस्पताल में वर्ष 2021 से तैनात हैं। इससे पहले वह बलरामपुर में कनिष्ठ सहायक थे। बताया जाता है कि वरिष्ठ सहायक की नौकरी वर्ष 2005 से पहले की हैं ऐसे में उन्हें जीपीएफ आदि भी सुविधा मिलती है लेकिन इनका जीपीएफ नहीं कटवाया जा रहा है। एसीएम डॉ. रामानंद ने बताया कि वरिष्ठ सहायक पर लगे आरोपों की जांच पूरी हो गई है। इसकी रिपोर्ट सीएमओ के माध्यम से डीएम को सौंपी जाएगी। इसके बाद उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार आगे की कार्रवाई तय होगी।