अंबेडकरनगर। प्रदेश स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में जिले के खिलाड़ियों की भागीदारी के लिए जिला और मंडल स्तरीय चयन ट्रायल का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। खेल निदेशालय के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बृहस्पतिवार को सब जूनियर बालिका और सीनियर पुरुष हैंडबॉल के जिला स्तरीय ट्रायल एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में सुबह नौ बजे होंगे।
दोनों वर्गों का मंडल स्तरीय ट्रायल तीन अक्तूबर को दोपहर दो बजे अयोध्या के डाभासेमर स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर अंतरराष्ट्रीय क्रीड़ा संकुल में होगा। सब जूनियर बालिका हैंडबॉल की प्रदेश प्रतियोगिता आठ से 11 अक्तूबर तक चित्रकूट में होगी। सीनियर पुरुष हैंडबॉल की प्रतियोगिता 12 से 15 अक्तूबर तक चित्रकूट में आयोजित होगी।
सीनियर पुरुष एथलेटिक्स और कबड्डी के जिला स्तरीय ट्रायल तीन अक्तूबर को सुबह नौ बजे एकलव्य स्टेडियम में होंगे। दोनों खेलों के मंडल स्तरीय ट्रायल पांच अक्तूबर को दोपहर दो बजे अयोध्या में होंगे। एथलेटिक्स की प्रदेश प्रतियोगिता सात से आठ अक्तूबर तक सैफई, इटावा और कबड्डी की आठ से 10 अक्तूबर तक गोरखपुर में होगी।
जिला क्रीड़ा अधिकारी डॉ. मंजूर आलम अंसारी ने बताया कि इच्छुक खिलाड़ी निर्धारित तिथि और समय पर ट्रायल में शामिल हो सकते हैं। खिलाड़ियों को आधार कार्ड की छायाप्रति साथ लाना अनिवार्य है।