अकबरपुर के सर्किट हाउस में जनसुनवाई करतीं महिला आयोग की सदस्य गीता बिंद।
अंबेडकरकनगर। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य गीता बिंद ने बृहस्पतिवार को बसखारी रोड स्थित सर्किट हाउस में जनसुनवाई की। इसके बाद केजीबीवी का निरीक्षण किया, जहां गंदगी देख वार्डेन को फटकार लगाई और सुधार के निर्देश दिए।
इस दौरान आठ प्रार्थना-पत्र प्राप्त हुए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मौके पर जाकर सुलह-समझौते के आधार पर मामलों का निस्तारण कराए। विकास के विभिन्न क्षेत्राें में महिलाओं-बालिकाओं की भागीदारी मुख्यमंत्री की प्राथमिकताओं में शामिल है। सुनवाई के दौरान महिलाओं की समस्याओं को लेकर उचित कार्रवाई व समाधान करना उनकी जिम्मेदारी है। जनसुनवाई में घरेलू हिंसा, जमीनी विवाद, मारपीट, दहेज आदि के मामले रहे। महिला आयोग की सदस्य ने जनसुनवाई के बाद कटेहरी स्थित कस्तूरबा गांधी विद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान विद्यालय में साफ-सफाई बेहतर न होने पर वार्डेन को फटकार लगाते हुए व्यवस्थाओं को सुधारने की हिदायत दी। इस दौरान जिला प्रोबेशन अधिकारी राकेश कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी एसके सिंह, क्षेत्राधिकारी टांडा शुभम कुमार, संरक्षण अधिकारी प्रीति सिंह आदि मौजूद रहे।