-राजेसुल्तानपुर के जगदीशपुर कादीपुर गांव में दो नवंबर को हुई थी वारदात
संवाद न्यूज एजेंसी
राजेसुल्तानपुर (अंबेडकरनगर)। राजेसुल्तानपुर के जगदीशपुर कादीपुर गांव में पिता और ताऊ को गोली मारने के आरोपी प्रिंस मौर्य को बृहस्पतिवार सुबह समडीह गांव के पास से गिरफ्तार किया गया। हालांकि, घटना में प्रयुक्त असलहा पुलिस नहीं बरामद कर पाई है। प्रिंस ने किस कारण गोली मारी यह बताने से भी पुलिस कतराती रही।
बीते दो नवंबर की रात संपत्ति विवाद में प्रिंस मौर्य ने अपने पिता रामनारायण मौर्य व ताऊ ओमनारायण मौर्य पर ताबड़तोड़ गोलियां दागी थीं। इसके चलते दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे। पिता की तहरीर पर प्रिंस के खिलाफ केस दर्ज करने के बाद उसकी गिरफ्तारी के लिए पांच टीमों को गठन किया गया था। तब से पुलिस आरोपी के नाते रिश्तेदारों के घर पर दबिश देने में जुटी थी। ओमनारायण व राम नारायण फिलहाल मेडिकल कॉलेज में अपना इलाज करा रहे हैं। के साथ बहन सरस्वती व पूरा परिवार डटा हुआ है। प्रभारी निरीक्षक अक्षय पटेल ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। घटना में प्रयुक्त हथियार की तलाश की जा रही है।