कुलहियापट्टी में मृतक मयंक के घर के बाहर रोते बिलखते परिजन।
अंबेडकरनगर। मालीपुर में दादी की दवा लेने जा रहे मयंक और अहिरौली में सड़क पार करते समय शिवजी गुप्ता की सड़क हादसों में मौत हो गई। मालीपुर के कुलहियापट्टी गांव निवासी अनिल कुमार राजभर के मुताबिक उनका बेटा मयंक राजभर (16) रविवार की सुबह सात बजे अपनी बीमार दादी के लिए दवा लेने के लिए बाइक से बीबीपुर भूसौली गांव जा रहे थे।
मालीपुर-जलालपुर मार्ग पर ताहापुर गांव के पास पहुंचते ही आगे चल रही एक ट्रैक्टर-ट्राॅली के चालक ने अचानक वाहन को मोड़ दिया, जिससे मयंक ट्राॅली की चपेट में आ गए। इस हादसे में मयंक गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों की मदद से उसे सीएचसी जलालपुर ले जाया गया, जहां राजकीय मेडिकल कॉलेज, सद्दरपुर रेफर कर दिया गया।
रविवार होने के कारण, परिजनों ने उसे पूर्वांचल मेडी सिटी में भर्ती कराया लेकिन वहां भी उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने हाथ खड़े कर दिए। उसे अकबरपुर के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया, जहां दोपहर 12 बजे इलाज के उसकी मौत हो गई। मयंक अपने तीन भाइयों में सबसे छोटा था। बेटे की मौत की खबर सुनते ही मां रेखा देवी अचेत हो गईं। थानाध्यक्ष स्वतंत्र कुमार मौर्य ने बताया कि पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्राॅली को कब्जे में ले लिया है।
कटेहरी संवाद के अनुसार दूसरी घटना अहिरौली के नगहरा के पास हुई। नगहरा निवासी शिवजी गुप्ता (58) सूरत में सिक्योरिटी गार्ड थे। शनिवार को घर लौटे थे। रविवार की सुबह 11 बजे नगहरा बाजार में सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक सवार ने उनको टक्कर मार दी।
आननफानन में परिजनों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहां उनकी मौत हो गई। पति की अचानक मौत पर पत्नी शीला गुप्ता बेसुध हो गई। बेटा आशीष गुप्ता (22) बेटी हंसू गुप्ता (20) और आंचल गुप्ता (18) हैं। बेटा आशीष सूरत की एक फैक्टरी में काम करता है। थानाध्यक्ष अभिषेक त्रिपाठी ने बताया कि तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।