अंबेडकरनगर के अवसानपुर में पीड़ित परिवार को ट्रैक्टर से सामान मुहैया कराने जाते एसडीएम टांडा अभ
- फोटो : AMBEDKAR NAGAR
टांडा। एसडीएम टांडा अभिषेक पाठक का संवेदनशील चेहरा सामने आया है।। तहसील अंतर्गत माझा अवसानपुर में शुक्रवार को आग में सब कुछ गवां चुके सात पीड़ित परिवारों को एसडीएम ने तहसीलदार के साथ ट्रैक्टर पर बैठकर जीवनोपयोगी सामान उपलब्ध कराया। साथ ही उन्हें आश्वस्त किया कि शीघ्र ही उन्हें आर्थिक सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी।
आग की चपेट में आने से शुक्रवार को माझा अवसानपुर निवासी राममूरत, रामभेज, प्रह्लाद, बदामा, सूरज, रामपाल व बंशीलाल का छप्परनुमा घर जलकर राख हो गया था। इसमें पीड़ित परिवार की पूरी गृहस्थी आग की भेंट चढ़ गई थी। परिवार के सदस्य खुले आसमान के नीचे आ गए थे। इस बीच घटना की जानकारी होते ही एसडीएम अभिषेक पाठक ने राजस्वकर्मियों को तत्काल घटनास्थल पर भेजकर नुकसान का अवलोकन करवाया था। शुक्रवार की रात पीड़ित परिवारों को कंबल के अलावा जरूरत के सामान ट्रैक्टर से भिजवाकर तहसीलदार संतोष ओझा के साथ एसडीएम पीड़ित परिवार से मिलने के लिए गांव जा रहे थे।
बताया जाता है कि गांव तक पहुंचने का मार्ग अत्यंत खराब होने के चलते उनकी कार गांव तक नहीं पहुंच सकी। ऐसे में दोनों अधिकारी संबंधित ट्रैक्टर पर बैठकर गांव पहुंचे। एसडीएम ने पीड़ितों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। साथ ही आश्वस्त किया कि उन्हें आगे भी मदद उपलब्ध कराई जाएगी। कहा कि शीघ्र ही उन्हें आर्थिक सहायता भी दी जाएगी। उधर, एसडीएम व तहसीलदार के ट्रैक्टर से गांव पहुंचने को लेकर नागरिकों ने बढ़-चढ़कर सराहना की। कहा गया कि अधिकारियों ने जो कार्य किया, वह अत्यंत सराहनीय है। इसकी जितनी भी प्रशंसा की जाए, वह कम ही है।