टांडा व आलापुर तहसील क्षेत्रों में शनिवार को स्कूल चलो अभियान के तहत रैली निकाली गई। टांडा में रैली का नेतृत्व विधायक अजीमुलहक पहलवान ने किया, तो जहांगीरगंज में रैली को विधायक भीमप्रसाद सोनकर ने हरी झंडी दिखाई।
जनप्रतिनिधियों ने अभिभावकों से कहा कि वे अपने बच्चों का परिषदीय विद्यालयों में अधिक से अधिक दाखिला कराएं। बच्चे पढ़कर आगे बढ़ेंगे तो परिवार तरक्की करेगा। टांडा से निकली रैली में नर्सरी से लेकर हाईस्कूल तक के बच्चों ने हिस्सा लिया।
रैली को सपा विधायक अजीमुलहक ने हरी झंडी दिखाई। बच्चे लोगों को जागरूक करने के लिएस्लोगन लिखी तख्तियां लिए हुए थे, जिसमें शिक्षा है अनमोल रतन, पढ़ने का सब करो जतन, शिक्षा ही संस्कार की जननी है आदि लिखा हुआ था।
विधायक ने कहा कि शिक्षा ही समाज का आभूषण है। समाज में जब शिक्षित लोग रहेंगे, तभी विकास व आपसी सौहार्द मजबूत होगा। रैली ताज तिराहा से निकल कर झारखंडी, छज्जापुर, गुरुद्वारा, चौक होते हुए पानी टंकी के पास पहुंचकर खत्म हुई।
रैली में आदर्श जनता इंटर कॉलेज, मिश्रीलाल आर्य कन्या इंटर कॉलेज आदि विद्यालयों के बच्चों ने भाग लिया। इस मौके पर नौशाद अली, चन्द्रप्रकाश त्रिपाठी, निरप्रसाद शर्मा, मोहम्मद आदिल व आरिफ आदि मौजूद रहे।
जहांगीरगंज प्रतिनिधि के अनुसार प्राथमिक विद्यालय जहांगीरगंज से निकली रैली को सपा विधायक भीमप्रसाद सोनकर, जिला पंचायत सदस्य प्रद्युम्न यादव, खंड शिक्षा अधिकारी शैलेन्द्र त्रिपाठी ने हरी झंडी दिखाई। छात्र-छात्राएं हाथों में विभिन्न प्रकार के प्रेरणादायक स्लोगन लिखी तख्तियां लिए हुए थे।
रैली विभिन्न मार्गों से होते हुए बावली चौक पर पहुंचकर सभा में परिवर्र्तित हो गई। सभा के बाद रैली समाप्त हो गई। वक्ताओं ने सर्व शिक्षा अभियान की महत्ता पर प्रकाश डाला। शिक्षक दुष्यंत यादव ने संचालन किया। इस मौके पर हरिप्रसाद चौबे, बलिराम यादव, रामचेत, इसरावती देवी, जसवंत सिंह आदि मौजूद रहे।