जिला शिक्षा परियोजना समिति की मंगलवार को कलक्ट्रेट सभागार में जिला विकास अधिकारी मथुरा प्रसाद मिश्र की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें आगामी 1 अप्रैल से शुरू हो रहे नए शिक्षासत्र के लिए परिषदीय विद्यालयों में अधिक से अधिक छात्रों के पंजीकरण कराने के दिशा निर्देश दिए गए।
परिषदीय विद्यालयों की तरफ विद्यार्थियों व उनके अभिभावकों को आकर्षित करने के लिए शासन के निर्देशानुसार आगामी 30 मार्च को स्कूलों में मनाए जाने वाले उत्साह दिवस को सफल बनाए जाने पर चर्चा की गई। इसके लिए स्कूल चलो की रैलियां निकालकर ज्यादा नामांकन कराने पर जोर दिया गया।
आगामी 1 अप्रैल से नया शिक्षासत्र प्रारंभ हो रहा है। बैठक में जिला विकास अधिकारी मथुरा प्रसाद मिश्र ने कहा कि परिषदीय विद्यालयों में विद्यार्थियों का अधिक से अधिक नामांकन सुनिश्चित करने के लिए अफसरों से लेकर जनप्रतिनिधियों तक को गंभीरता से प्रयास करना होगा।
सांसद, विधायक, जिला पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान, बीडीसी सदस्य से अनुरोध किया जाए कि वह स्थानीय लोगों को अपने बच्चों को परिषदीय विद्यालयों में नामांकन कराने के लिए प्रेरित करें। इस के लिए सभी को सामूहिक प्रयास करना होगा। डीडीओ ने कहा कि सभी खण्ड शिक्षा अधिकारी व लेखपाल संबंधित विद्यालयों में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाएं। इस दौरान डीआईओएस डा. आरपी वर्मा, बीएसए डॉ. राजबहादुर मौर्य समेत सभी खण्ड शिक्षा अधिकारी व अन्य ग्रामस्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।