अंबेडकरनगर। जिले में भी स्कूल चलो अभियान का भव्य शुभारंभ सोमवार को कटेहरी शिक्षा क्षेत्र के उच्च प्राथमिक विद्यालय कुड़िया चितौना में हुआ। जिला पंचायत अध्यक्ष साधू वर्मा व डीएम सैमुअल पॉल एन ने कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए कहा कि हमें अभियान के दौरान ज्यादा से ज्यादा दाखिला सुनिश्चित करना है। परिषदीय स्कूलों की बेहतरी तय करने के लिए चल रहे प्रयासों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि कायाकल्प योजना ने स्कूलों की दशा बदली है। इस सकारात्मक प्रयास से ही फिर से परिषदीय स्कूलों में तेजी से छात्रों की संख्या बढ़ रही है। कार्यक्रम में बेहतर अंक हासिल करने वाले छात्र-छात्राओं व शिक्षण कार्य में बेहतर सहयोग करने वाले प्रधानाध्यापकों, शिक्षकों व विद्यालय प्रबंध समिति अध्यक्षों को अतिथियों ने सम्मानित भी किया। इस दौरान श्रावस्ती में सीएम की ओर से किए गए अभियान के शुभारंभ का यहां और कटेहरी खंड शिक्षा कार्यालय पर लाइव प्रसारण भी किया गया।
स्कूल चलो अभियान के तहत सोमवार को उच्च प्राथमिक विद्यालय कुड़िया चितौना में समारोह का आयोजन हुआ। इसमें श्रावस्ती में सीएम योगी आदित्यनाथ द्वारा अभियान के शुभारंभ का लाइव प्रसारण किया गया। सीएम ने शिक्षा की दशा में जरूरी सुधार सुनिश्चित करने को लेकर चल रहे प्रयासों पर प्रकाश डाला। कहा कि आगे भी सभी जरूरी प्रबंध किए जाएंगे। इधर, कुड़िया चितौना में आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष साधू वर्मा ने कहा कि प्रदेश में योगी आदित्यनाथ की सरकार बनने से लगातार स्वास्थ्य, शिक्षा व कानून व्यवस्था की स्थिति अत्यंत बेहतर हुई है। सरकार के ऑपरेशन कायाकल्प ने परिषदीय स्कूलों के हालात बदल दिए हैं। विद्यालय में शिक्षा का माहौल एक बार फिर बना है। शिक्षकों से बच्चों को बेहतर शिक्षा देने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि डीएम सैमुअल पॉल एन ने शिक्षकों से कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए। कहा कि शासन द्वारा दी जाने वाली सुविधाओं का लाभ दिलाने व बच्चों को बेहतर शिक्षा देना शिक्षकों की जिम्मेदारी है। स्कूल चलो अभियान के तहत अधिकाधिक बच्चों का प्रवेश परिषदीय स्कूलों में हो, इसके लिए शिक्षकों को डोर-टू-डोर जाना होगा। अभिभावकों को समझाना होगा कि सरकारी स्कूलों में उनके बच्चों को बेहतर शिक्षा के साथ सरकार की निशुल्क योजनाओं का पूरा लाभ मिलेगा। शिक्षा की गुणवत्ता सुधार में सहयोग करने वाले शिक्षकों व बेहतर अंक हासिल करने वाले छात्र छात्राओं की उन्होंने प्रशंसा की। सीडीओ घनश्याम मीणा ने कहा कि शिक्षकों के सहयोग से ही परिषदीय स्कूलों की दशा व दिशा और बेहतर की जा सकती है। जीवन में प्राथमिक शिक्षा का बड़ा महत्व होता है। ऐसे में शिक्षकों को अपनी जिम्मेदारी का पूरी ईमानदारी से निर्वहन करना होगा।
बीएसए भोलेंद्र प्रताप सिंह ने बच्चों को किताबी ज्ञान के साथ बेहतर संस्कार देने पर जोर दिया। भरोसा दिलाया कि खेलकूद व कला आदि के क्षेत्रों में भी में बच्चों को आगे बढ़ने का पूरा मौका दिया जाएगा। खंड शिक्षाधिकारी सबिस्ता परवीन ने छात्रों व शिक्षकों का मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि शिक्षा तथा स्कूलों में सुविधा के मामले में कटेहरी ब्लॉक को जिले में पहले पायदान पर लाना है। यह हम सभी के संयुक्त प्रयास से हो सकेगा। इसके लिए सभी को अपनी जिम्मेदारी महसूस करते हुए एक साथ आगे बढ़ना है। इससे पहले डीएम व जिला पंचायत अध्यक्ष आदि के कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर छात्र-छात्राओं ने मार्च पास्ट भी किया।
कार्यक्रम में इनको किया गया सम्मानित
सभी विकास खंड के एक-एक विद्यालय के विगत तीन वर्षों में नामांकन में वृद्धि करने वाले प्रधानाध्यापकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसमें मालीपुर प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक राधेश्याम यादव, अकबरपुर प्राथमिक विद्यालय के रमेश वर्मा, जहांगीरगंज उच्च प्राथमिक विद्यालय की सुमन, प्राथमिक विद्यालय मुकुंदीपुर के अनिल वौर्मा, कंपोजिट कौड़ाही विद्यालय के सदानंद, प्रतापपुर कला प्राथमिक विद्यालय के कुमार अमरेंद्र, प्राथमिक विद्यालय मलिकपुर के सरफराज हुसैन, मंशापुर उच्च प्राथमिक विद्यालय के शैलेष दुबे, उच्च प्राथमिक मुस्तफाबाद तिलहरा के राजेश वर्मा, प्राथमिक विद्यालय मीरानपुर की रफत कमाल को अंग वस्त्र व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा विद्यालय प्रबंध समिति अध्यक्ष आशाराम राजभर, सरयू प्रसाद, कर्मराज, राकेश कुमार, सूर्यनरायण यादव, बृजराज, शिवपूजन वर्मा को बेहतर योगदान के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय कुड़िया चितौना में कक्षा एक से 8 तक सर्वाधिक अंक पाने वाले छात्र-छात्राओं हिमांशी, उमंगल, आयशा बानो, यश प्रजापति, दीपाली, शगुन सिंह, अभिषेक यादव, रिया वर्मा को जिला पंचायत अध्यक्ष, डीएम व सीडीओ ने सम्मानित किया। प्रधानाध्यापक गोवर्धन गुप्त व रामपलट सिंह को भी सम्मानित किया गया।