अंबेडकरनगर। निर्देश था कि 25 जून को विद्यालय पहुंचकर साफ-सफाई सहित अन्य व्यवस्थाएं दुरुस्त कराई जाए, लेकिन मंगलवार को पहले ही दिन ज्यादातर विद्यालयों में गुरुजी पहुंचे ही नहीं। कहीं का ताला नहीं खुला तो कहीं ताला खुला, लेकिन कोई मौजूद ही नहीं था। ऐसे में विद्यालयों में सारी कवायद पर पहले ही दिन पानी फिरता नजर आया। संबंधित क्षेत्र के लोगों का कहना था कि अभी ग्रीष्मावकाश का खुमार प्रधानाध्यापकों व शिक्षकों के सिर से उतरा नहीं है। समय रहते विद्यालयों में समुचित साफ-सफाई सुनिश्चित नहीं की गई तो एक जुलाई से आने वाले छात्र-छात्राओं को मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है।
गौरतलब है कि 1 जुलाई को परिषदीय विद्यालय आने वाले छात्र-छात्राओं के लिए बेहतर वातावरण तैयार करने के लिए शासन ने 25 जून से ही प्रधानाध्यापकों व शिक्षकों को विद्यालय पहुंचने का निर्देश दिया था। साथ ही निर्देशित किया गया कि विद्यालय की समुचित साफ सफाई के साथ ही छात्र-छात्राओं की संख्या के आधार पर जूता मोजा व पुस्तकें उपलब्ध करा दी जाएं, जिससे 1 जुलाई को आने वाले छात्र-छात्राओं में पुस्तकों व जूता मोजा का वितरण हो सके।
बीएसए कार्यालय ने विज्ञप्ति जारी कर सभी प्रधानाध्यापकों व शिक्षकों को 25 जून से सुबह 8 बजे से दोपहर 1 बजे तक संबंधित विद्यालय पहुंचने का निर्देश दिया था। तमाम दिशा निर्देश के बावजूद पहले दिन ही शिक्षकों की लापरवाही उजागर हो गई। ज्यादातर विद्यालयों में न तो प्रधानाध्यापक और न ही कोई शिक्षक पहुंच सके।
मंगलवार को अमर उजाला टीम ने विभिन्न विद्यालयों का जायजा लिया, तो शिक्षकों की बड़ी लापरवाही सामने आई। प्राथमिक विद्यालय अरिया का पौने दस बजे, तो प्राथमिक विद्यालय सूरापुर का साढ़े 9 बजे तक ताला ही नहीं खुल सका था। उच्च प्राथमिक विद्यालय सूरापुर में साफ सफाई का कार्य चल रहा था। प्रधानाध्यापिका दरकशां सूफिया ने बताया कि 1 जुलाई को विद्यालय आने वाले छात्र-छात्राओं के लिए बेहतर माहौल बनाने के लिए साफ सफाई का कार्य कराया जा रहा है।
प्राथमिक विद्यालय खेतापुर का भी ताला साढ़े 10 बजे तक नहीं खुल सका। जलालपुर प्रतिनिधि के अनुसार प्राथमिक विद्यालय वाजिदपुर में साफ सफाई तो हुई थी, लेकिन 10:20 पर कोई मौजूद नहीं था। उच्च प्राथमिक विद्यालय हाजीपुर व प्राथमिक विद्यालय हाजीपुर का ताला बंद मिला। इसके अलावा अलापुर, भीटी व टांडा तहसील क्षेत्र में स्थित ज्यादातर विद्यालयों में मंगलवार को ताला नहीं खुल सका।
सभी शिक्षकों को 25 जून से विद्यालय खोलने व साफ-सफाई का निर्देश दिया गया है। इसके अलावा पुस्तक व जूता मोजा की भी व्यवस्था किए जाने का निर्देश है। बुधवार से विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया जाएगा। यदि कहीं गड़बड़ी मिली, तो कार्रवाई की जाएगी।
- अतुल कुमार सिंह, बीएसए