जलालपुर। पंचायत चुनाव के मतदान की शुरू हुई उल्टी गिनती के साथ ही प्रत्याशियों ने मतदाताओं को अपने पक्ष में करने को दिन रात एक करना शुरू कर दिया है। इन सब के बीच मतदाता भी अपने प्रतिनिधि को चुनने के लिए उसकी योग्यता को नाप तोल रहे हैं। मंगलवार को अमर उजाला टीम विकासखंड के भियांव बाजार गई तो गांव के निकट एक चाय की दुकान पर कई लोग चुनावी चर्चा में मशगूल दिखे।
घनश्याम व रविन्द्र ने कहा कि प्रत्याशी ऐसा होना चाहिए जिसकी करनी व कथनी में कोई अंतर न हो। यानि चुनाव के समय जो वायदे करे जीतने के बाद उसे पूरा कराए। राजेंद्र व जगराम ने कहा कि बागडोर ऐसे प्रतिनिधि के हाथ में होना चाहिए जो गांव का विकास कार्य पूरी पारदर्शिता से कराए। मोहम्मद अब्बास व राहुल ने कहा कि गांव का प्रतिनिधि युवा व शिक्षित होना चाहिए, क्योंकि युवाओं में एक नई ऊर्जा होती है, जब नई ऊर्जा होगी तो गांव का विकास भी तेजी के साथ होगा।
ग्राम पंचायत भियांव
दूर होगी जलनिकासी की परेशानी
सगीर अहमद ने कहा कि गांव में जलभराव की बड़ी समस्या होती है। बरसात होने पर गांव की गलियों में पानी भर जाता है। इससे लोगों को आवागमन में व्यापक मुश्किलें उठानी पड़ती है। जीत हासिल होने पर न सिर्फ क्षतिग्रस्त नालियों को दुरुस्त कराएंगे बल्कि नई नालियों का भी निर्माण कराएंगे।
बेहतर होगी मार्ग प्रकाश व्यवस्था
सूर्य नारायण शुक्ला ने कहा कि गांव में प्रकाश व पेयजल की बड़ी समस्या है। प्रकाश व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए न सिर्फ खराब पड़ी स्ट्रीट लाइट ठीक कराएंगे। बल्कि नई स्ट्रीट लाइटों को भी लगवाएंगे। इसके अलावा पेयजल समस्या दूर करने के लिए सभी संभव कदम उठाए जाएंगे।
ग्राम पंचायत फतेहपुर मोहितपुर
गांव का होगा चौतरफा विकास
शकुंतला देवी ने कहा कि गांव का चौतरफा विकास कराने को हर संभव प्रयास होगा। मनरेगा योजना के तहत शतप्रतिशत कार्य कराया जाएगा। ताकि मनरेगा मजदूरों को अधिक से अधिक कार्य मिल सके। अन्य योजनाओं से भी रोजगार कार्यक्रम संचालित कराए जाएंगे।
बिना भेदभाव होगा विकास
रेशमा खातून ने कहा कि गांव में विकास से जुड़े कार्यों में कोई भेदभाव नहीं होने दिया जाएगा। पूरी निष्पक्षता के साथ गांव के लोगों की सहमति के आधार पर विकास योजनाओं से जुडे़ कार्यों को कराया जाएगा ताकि सभी को इसका पूरा फायदा मिल सके।
ग्राम पंचायत महमदपुर ओदरपुर
बेहतर होगा आवागमन
पवनकुमार ने कहा कि गांव में आवागमन की बड़ी समस्या है, जो कि लंबे समय से बनी हुई है। संपर्क मार्ग और गांव की गलियां गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं। इससे लोगों को व्यापक मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। इस लिए संपर्क मार्ग के साथ गांव की गलियों में सीसी रोड भी बनवाई जाएगी।
दूर होगा पेयजल संकट
रविन्द्र सिंह ने कहा कि गांव में पेयजल की बड़ी समस्या है। यदि मुझे जीत हासिल होती है तो इसे दूर करने के लिए न सिर्फ खराब पड़े हैंडपंपों को दुरुस्त करेंगे, बल्कि आवश्यकतानुसार अधिक से अधिक हैंडपंप भी लगवाएं जाएंगे।
ग्राम पंचायत सकरा
हर महिला बनेगी आत्मनिर्भर
ममता ने कहा कि यदि मुझको जीत हासिल होती है, तो गांव की हर महिला को आत्मनिर्भर बनाने का कार्य प्राथमिकता पर होगा। इसके लिए ग्रामीण विकास योजनाओं से भी महिलाओं को जोड़ने का कार्य होगा साथ ही समूह बनाकर घरेलू उत्पाद भी निर्मित कराने का कार्य होगा।
महिलाओं को मिलेगा पूरा हक
रंजना ने कहा कि यदि मुझको जीत हासिल होती है, तो सबसे पहले महिलाओं को उनका अधिकार दिलाने को प्रभावी कार्य किया जाएगा। इसके लिए अभियान चलाकर महिलाओं को उनके अधिकार के प्रति जागरूक कर सभी सरकारी योजनाओं का फायदा भी दिलाया जाएगा।