अंबेडकरनगर। जिले में लगातार बढ़ते कोरोना संक्रमण के बीच मंगलवार को जिला अस्पताल में एंटीजन किट समाप्त होने से जांच का काम पूरी तरह से ठप हो गया। एंटीजन जांच के लिए लोग जिला अस्पताल पहुंचे, लेकिन उन्हें मायूस होकर लौटना पड़ा। हालांकि कुछ लोगों की आरटीपीसीआर जांच की गई। लोगों ने कहा कि जिस प्रकार से जिले में कोरोना का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है, उसे देखते हुए अस्पताल प्रशासन को सभी जरूरी व्यवस्था करनी चाहिए।
जिले में लगातार बढ़ रहे कोरोना की चेन तोड़ने के लिए जिला अस्पताल में एंटीजन व आरटीपीसीआर जांच भी तेजी से की जा रही है। प्रतिदिन औसतन 250 लोग एंटीजन व आरटीपीसीआर जांच के लिए जिला अस्पताल पहुंचते हैं। बड़ी संख्या में मंगलवार को भी लोग एंटीजन जांच के लिए जिला अस्पताल पहुंचे, लेकिन यहां सिर्फ आरटीपीसीआर जांच ही हो रही थी। जानकारी करने पर पता चला कि एंटीजन किट समाप्त हो गई है, इसके चलते जांच नहीं हो सकेगी।
एंटीजन जांच के लिए जिला अस्पताल पहुंचे शहजादपुर के जगदीश व इरफान ने नाराजगी जताते हुए कहा कि एक तरफ जिले में कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं, तो दूसरी तरह इस पर अंकुश लगाने को लेकर जिम्मेदारों द्वारा लापरवाही बरती जा रही है। अस्पताल प्रशासन को आमजन के हित में सभी समुचित व्यवस्था करनी चाहिए। सीएमएस डॉ. ओमप्रकाश ने बताया कि मंगलवार को एंटीजन किट समाप्त होने के चलते जांच में कुछ बाधा आई थी। इस संबंध में उच्च अधिकारियों को सूचना दे दी गई है। जांच का काम बुधवार को सुचारु रूप से चलेगा।