गोविंदसाहब मेले में कुश्ती प्रतियोगिता में दांव लगाते पहलवान।
अंबेडकरनगर। गोविंदसाहब धाम में शुक्रवार को दो दिवसीय दंगल प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। इसमें कई प्रसिद्ध पहलवानों ने भाग लिया। पहला मुकाबला लक्की थापा व टाइगर पहलवान के बीच हुआ। दर्शकों ने ताली बजाकर दोनों पहलवानों का मनोबल बढ़ाया। काफी देर तक चले मुकाबले में लक्की थापा ने टाइगर पहलवान को पटखनी दी। इसके बाद लक्की थापा का मुकाबला सौरभ दास के साथ हुआ। इसमें सौरभ दास ने बाजी मारी।
इससे पहले दंगल का शुभारंभ अयोध्या हनुमानगढ़ी के महंत बलराम दास ने किया। उन्होंने कहा कि दंगल मिट्टी से जुड़ा खेल है। पहलवानों को इसमें अपना हुनर दिखाने का अवसर तो मिलता ही है साथ ही उनका स्वास्थ्य भी बेहतर होता है। पहले के समय में गांव गांव में दंगल होते थे, जिसमें युवा प्रतिभाग कर खुद को मजबूत रखते थे। हालांकि अब यह देखने को नहीं मिलता। ऐसे आयोजन युवाओं को दंगल जैसे खेल में आने के लिए प्रेरित करेंगे। इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख कुंवर संजय सिंह, श्रवण बाबा, समाजसेवी धर्मवीर सिंह बग्गा, ब्लॉक प्रमुख गौरव सिंह, भौमेंद्र सिंह व आशु सिंह आदि मौजूद रहे।