बीआरसी रामनगर में प्रशिक्षण के दौरान उपस्थित शिक्षक-शिक्षिकाएं
अंबेडकरनगर। नई शिक्षा नीति के अंतर्गत बुधवार को पं. दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज, जाफरगंज में कला समेकित शिक्षण शास्त्र प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में राजकीय, राजकीय आश्रम पद्धति, अशासकीय सहायता प्राप्त, वित्तविहीन, सीबीएसई व आईसीएसई बोर्ड से जुड़े 50 से अधिक शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भाग लिया।
प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मकता, नवाचार तथा शिक्षण कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। निर्णायक मंडल में रमाबाई राजकीय महिला महाविद्यालय से डॉ. रविंद्र कुमार वर्मा और बीएनकेबी पीजी कॉलेज से डॉ. कमल त्रिपाठी सम्मिलित रहे, जिन्होंने सभी प्रस्तुतियों का मूल्यांकन किया। प्रतियोगिता में पं. दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज, जाफरगंज की सहायक अध्यापिका सत्यवती देवी ने पहला स्थान प्राप्त किया। दूसरा स्थान पं. दीनदयाल उपाध्याय इंटर कॉलेज, रामनगर की प्रवक्ता तसनीम कौसर को मिला, जबकि तीसरे स्थान पर आरडी आरके इंटर कॉलेज, सिसानी जाफरगंज के एक सहायक अध्यापक रहे। राजकीय हाईस्कूल, लखनपुर के सामाजिक विज्ञान शिक्षक मुकेश कुमार वर्मा ने कहा, ऐसी प्रतियोगिताएं शिक्षण को और अधिक प्रभावी और रोचक बनाती हैं। इससे शिक्षक नवीन तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित होते हैं। जीके जेटली इंटर कॉलेज, अकबरपुर के चित्रकला शिक्षक अमित यादव ने कहा कि कला आधारित शिक्षण विद्यार्थियों की जिज्ञासा और रचनात्मकता को बढ़ावा देता है।
एसबी नेशनल इंटर कॉलेज, बसखारी के शिक्षक सैयद इमरान अली ने अपने लेख में लिखा, आज के दौर में कला समेकित शिक्षण न केवल विद्यार्थियों की समझ को गहराता है, बल्कि उन्हें जीवन के विभिन्न पहलुओं से भी जोड़ता है। कॉलेज के प्रधानाचार्य व प्रतियोगिता के नोडल अधिकारी विवेक पटेल ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य माध्यमिक स्तर के शिक्षकों को कला और शिक्षण पद्धतियों का समन्वय सिखाना है।