अंबेडकर नगर के टांडा में सौमवार को उफनाई सरयू नदी।
- फोटो : अमर उजाला
सरयू नदी के जलस्तर में बढ़ोतरी का दौर जारी है। नदी का जलस्तर सोमवार दोपहर बाद चार बजे 92.68 मीटर पर पहुंच गया। सरयू नदी का जलस्तर आधा सेंटीमीटर प्रति घंटे की गति से बढ़ रहा है। उम्मीद जतायी जा रही कि नदी का पानी देररात तक लाल निशान 92.73 मीटर को पार कर जाएगा।
दूसरी तरफ नगर स्थित प्रसिद्ध श्रीहनुमान गढ़ी घाट की केवल तीन सीढ़ियां डूबने से बची हैं। जलस्तर में निरंतर हो रही वृद्धि से मंगलवार तक सभी सीढ़ियों के जलमग्न होने की आशंका है। सरयू की दो धाराओं के बीच बसे ग्राम मांझा उल्टहवा के दिलशेर के पूरा तक नदी का पानी पहुंच गया है।
मंगलवार तक गांव पानी से पूरी तरह घिरने की आशंका जतायी जा रही है। उपजिलाधिकारी पंकज ने नदी के जलस्तर में हो रही वृद्धि से बाढ़ कार्य के लिए लगाए गए कर्मचारियों को अलर्ट जारी करते हुए बाढ़ व बचाव से संबंधित सामान तैयार रखने का निर्देश दिया है। बाढ़ से प्रभावित गांवों में तहसीलदार राजेश सिंह व अन्य कर्मचारी लगातार संपर्क में बने हुए हैं।
तहसीलदार ने बताया कि प्रभावित गांवों के प्रधानों से लगातार संपर्क बना हुआ है। यदि कहीं पर भी स्थिति गंभीर होती है तो अविलंब कार्रवाई अमल में लायी जाएगी। इस बीच ग्राम मांझा उल्टहवा, करमपुर बरसावां, अवसानपुर, छज्जापुर, चिंतौरा, मांझा कला, केवटला आदि क्षेत्रों के लोग जलस्तर में हो रही वृद्धि को देख सुरक्षित स्थान की तलाश में जुटे हैं।
तहसीलदार ने बताया कि राहत एवं बचाव कार्य के लिए 14 नावें आरक्षित हैं। जरूरत पड़ने पर उनका उपयोग शुरू किया जाएगा। इन सब के बीच निरंतर हो रही जलस्तर में वृद्धि से मांझा क्षेत्र व तटीय इलाके के आबादी में चिंता का माहौल बना हुआ है।
बाढ़ प्रखंड के कर्मचारियों ने भी आवश्यक निगरानी शुुरू कर दी है। ऐसा इसलिए जिससे कहीं भी कटान आदि की संभावना को खारिज किया जा सके।