कंपोजिट ग्रांट से विद्यालयों में होंगे कई जरूरी काम
दो लाख से अधिक बच्चों को मिलेगा लाभ
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबेडकरनगर। जिले के 1583 विद्यालयों में जल्द ही कंपोजिट ग्रांट के तहत करीब 7 करोड़ रुपये की रकम पहुंचेगी। इस राशि से विद्यालयों में छात्र छात्राओं की सुविधा को देखते हुए कई तरह के काम कराने की अनुमति मिलेगी। पेयजल, साफ सफाई, शौचालय, लाइट, पंखा लगाने सहित अन्य संसाधनों की मरम्मत का काम होगा।
जिले के इन परिषदीय विद्यालयों में मौजूदा सत्र में करीब 2 लाख 11 हजार छात्र-छात्राएं पढ़ रहे हैं। शासन की तरफ से प्रति वर्ष कंपोजिट ग्रांट के तहत छात्र संख्या के आधार पर राशि उपलब्ध कराई जाती है। इससे विद्यालय से जुड़े संसाधनों की मरम्मत आदि का काम कराया जाता है। जिससे छात्र-छात्राओं को बेहतर शिक्षा के साथ अच्छी सुविधाओं का भी लाभ मिल सके।
कई परिषदीय विद्यालय ऐसे हैं, जहां रंगाई पोताई के साथ ही हैंडपंप के रिबोर व मरम्मत की जरूरत है। कमरों में बच्चों के बैठने के लिए उपलब्ध डेस्क व बेंच क्षतिग्रस्त हैं। शौचालय व बच्चों के लिए लगी पेयजल की टोटियां खराब हो चुकी हैं। उन्हें दुरुस्त कराने की जरूरत है। यह धनराशि मिलने से इन सुविधाओं को बेहतर किया जा सकेगा।
छात्र संख्या के आधार पर मिलेगी राशि
कंपोजिट ग्रांट योजना के तहत परिषदीय स्कूलों को छात्र संख्या के आधार पर राशि मुहैया होगी। छात्र संख्या 30 तक के विद्यालयों को 10 हजार, 100 तक की छात्र संख्या के आधार पर 25 हजार, 200 तक की छात्र संख्या वाले विद्यालय को 50 हजार, 1 हजार तक की छात्र संख्या वाले विद्यालय को 75 हजार रुपये उपलब्ध कराए जाएंगे। इस राशि से छात्र छात्राओं को कई तरह की सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
जल्द भेजी जाएगी रकम
कंपोजिट ग्रांट की रकम एक सप्ताह के अंदर उपलब्ध हो जाएगी। इसके बाद संबंधित विद्यालयों के खाते में यह रकम भेज दी जाएगी। सभी विद्यालयों को निर्देश दिया है कि यह रकम संसाधनोें को बेहतर करने में खर्च करेंगे।
-विकास कुमार, निर्माण प्रभारी, बेसिक शिक्षा