अंबेडकरनगर। आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत गर्भाशय का ऑपरेशन कराने के बाद मरीज के परिजनों से 25 हजार रुपये मांगने का मामला सामने आया है। पहितीपुर स्थित निजी हॉस्पिटल के प्रबंधन पर रुपये नहीं देने पर मरीज को अस्पताल से डिस्चार्ज न करने की धमकी देने का आरोप है। पीड़ित के बेटे ने आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत कर मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है।
अयोध्या जिले के गंगौली गांव निवासी अमन सिंह के अनुसार, वह 23 नवंबर को अपनी मां माधुरी सिंह को इलाज के लिए निजी हॉस्पिटल लेकर पहुंचे थे। उसी रात आयुष्मान योजना के तहत उनकी मां के गर्भाशय का ऑपरेशन किया गया। आरोप है कि ऑपरेशन के बाद अस्पताल के डॉक्टर और प्रबंधन की ओर से 25 हजार रुपये जमा करने का दबाव बनाया जाने लगा।
अमन का कहना है कि उन्होंने अस्पताल प्रशासन को बताया कि उनके पास रुपये नहीं हैं और मरीज का आयुष्मान कार्ड भी बना हुआ है। इसके बावजूद अस्पताल प्रबंधन उनकी बात मानने को तैयार नहीं हुआ। आरोप है कि रकम न देने पर मरीज को डिस्चार्ज न करने की बात कही गई। सीएमओ डॉ. प्रमोद कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है लेकिन शिकायती पत्र नहीं मिला है। टीम गठित कर जांच कराई जाएगी और रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई होगी। यह अस्पताल आयुष्मान योजना के तहत सूचीबद्ध है।