जलालपुर। रेलवे में नौकरी दिलाने और बच्चों का निजी विद्यालय में दाखिला कराकर छात्रवृत्ति दिलाने का झांसा देकर 17 लाख 25 हजार 11 रुपये की ठगी करने का आरोप लगा है। गौरा कमाल निवासी श्रीकांत गुप्ता ने जलालपुर कोतवाली में तहरीर देकर एक व्यक्ति पर धोखाधड़ी, फर्जी दस्तावेज तैयार करने और कूटरचित अभिलेखों का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है।
श्रीकांत के मुताबिक, वह नगपुर मोड़ पर पान की दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। आरोप है कि उनकी दुकान पर आने-जाने वाले एक व्यक्ति ने खुद को रेलवे कर्मचारी बताया। उसने बच्चों का निजी विद्यालय में दाखिला कराने, छात्रवृत्ति दिलाने और भविष्य में रेलवे में नौकरी लगवाने का भरोसा दिया। बच्चों के भविष्य का सपना दिखाकर उसने अलग-अलग किस्तों में रुपये लिए।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि उसने बैंक खाते में नकदी जमा करने, फोन-पे और सीएसएससी के माध्यम से कुल 17,25,011 रुपये दिए। आरोपी व्हाट्सएप के जरिए नौकरी, दाखिले और छात्रवृत्ति से संबंधित जानकारी देता रहा। उसने विद्यालय और खेलकूद से जुड़े आवेदन पत्र, पंजीकरण फॉर्म समेत अन्य दस्तावेज भी दिए और उन्हें असली बताया।
श्रीकांत के अनुसार, बाद में जांच कराने पर दस्तावेज कूटरचित होने की जानकारी हुई। आरोपी ने बच्चों को प्रशिक्षण के लिए जयपुर भेजने और नौकरी दिलाने का आश्वासन भी दिया था। लंबे समय तक वादे पूरे नहीं होने और रकम वापस न मिलने पर पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की। सीओ अनूप कुमार सिंह ने बताया कि शिकायत पत्र की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।