अंबेडकरनगर। ऑटो संचालकों व ठेलिया दुकानदारों की मनमानी से अकबरपुर नगर के मीरानपुर चुंगी नाका के पास बनगांव मार्ग जाम का नया प्वाइंट बनता जा रहा है। इस मार्ग पर ठेलिया दुकानदारों व ऑटो चालकों की मनमानी बढ़ती जा रही है। सड़क की एक पटरी अक्सर ठेला दुकानदारों व ऑटो संचालकों के कब्जे में रहती है। अकबरपुर-अयोध्या मार्ग से निकली इस सड़क पर अक्सर जाम लगा रहता है। इससे कई बार विवाद की स्थिति भी उत्पन्न हो जाती है। लोगों की लगातार शिकायत के बावजूद पुलिस टीम इस तरफ ध्यान नहीं दे रही है। बताते चलें कि अकबरपुर नगर अक्सर जाम के संकट से जूझता रहता है, लेकिन पिछले कुछ दिनों से एसपी आलोक प्रियदर्शी के सख्त निर्देश के बाद मुख्य मार्गों पर जाम के संकट से निजात दिलाने के लिए बड़ी संख्या में यातायात पुलिस कर्मियों के साथ ही पुलिसकर्मी भी लगे हैं। इससे नगर के मुख्य मार्गों पर जाम से काफी हद तक राहत मिली है, लेकिन अकबरपुर नगर के मीरानपुर मोहल्ला स्थित चुंगी नाका से निकला बनगांव-गौहनिया मार्ग जाम का नया प्वाइंट बनता जा रहा है।
यहां ठेलिया दुकानदारों व ऑटो संचालकों की मनमानी से पूरे दिन जाम की स्थित रहती है। अकबरपुर-अयोध्या मार्ग पर यह सड़क चुंगी नाका के पास मिलती है। सड़क की एक पटरी पर हमेशा फल व सब्जी के ठेले सजे रहते हैं। इससे मोड़ पर भारी वाहनों को मुड़ने तक में दिक्कत होती है। कई बार विवाद की स्थिति भी पैदा हो जाती है। इस मार्ग से आवागमन करने वाले यात्रियों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय नागरिक अरविंद तिवारी, संदीप वर्मा, राजेश गौड़ आदि ने बनगांव मार्ग पर लगने वाले जाम से निजात दिलाने की मांग की है। कहा कि पुलिस टीम द्वारा ध्यान न देने के चलते काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। शाम के समय हर दिन जाम लग रहा है। आए दिन विवाद की स्थिति पैदा हो रही है। ऐसे में पुलिस टीम को अविलंब सड़क से अवैध तरीके से लगने वाली दुकानों व ऑटो को हटवाना चाहिए।