फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

17 करोड़ से बसखारी में जल्द शुरु होगा बाईपास का निर्माण

विज्ञापन
विज्ञापन
बसखारी। बसखारी बाजार को जाम से निजात दिलाने के लिए टांडा विधायक संजू देवी के प्रयास ने रंग दिखाया। शासन ने बसखारी बाजार में एक किलोमीटर लंबे बाईपास निर्माण के लिए 17 करोड़ 19 लाख रुपए की स्वीकृति प्रदान करते हुए प्रथम किस्त के रूप में दो करोड़ रुपए अवमुक्त कर दिए हैं। उधर, भूमि अधिग्रहण की कार्रवाई तेज हो गई है। साथ ही लोक निर्माण विभाग ने टेंडर प्रक्रिया को अमली जामा पहनाने की कार्रवाई भी शुरू कर दी है। बाईपास निर्माण से करीब 50 हजार की आबादी को सीधा लाभ मिलेगा।
विज्ञापन

विश्व प्रसिद्ध किछौछा दरगाह के चलते बसखारी बाजार में यातायात का भारी दबाव रहता है। इसके अलावा बुनकर नगरी टांडा व जलालपुर के लिए बड़ी संख्या में व्यापारी बसखारी बाजार से होकर गुजरते हैं। अकबरपुर आजमगढ़ मुख्य मार्ग पर स्थित इस बाजार में पूर्वांचल क्षेत्र की बड़ी फल मंडी भी लगती है। इसके चलते फल व्यापारियों का आवागमन बड़े पैमाने पर होता है। सड़क की पटरियों पर ठेले वालों का अवैध कब्जा व वाहनों के भारी दबाव के चलते यहां पर जाम की स्थिति रहती है। कई बार मरीजों को लेकर एंबुलेंस की गाड़ियां घंटों हूटर बजाती रहती हैं। समय के साथ बढ़ रहे वाहनों के दबाव के बीच बसखारी बाजार में यातायात व्यवस्था पूरी तरह बेपटरी हो जाती है। लोग लंबे समय से बसखारी बाजार में बाईपास निर्माण की मांग कर रहे थे।
अब विधायक संजू देवी ने शासन को पत्र लिखा। मांग की कि बसखारी बाजार में अकबरपुर-बसखारी मार्ग से फोरलेन टांडा-आजमगढ़ मार्ग को बाईपास से जोड़ दिया जाए तो यहां वाहनों का दबाव कम हो जाएगा। लगभग एक किलोमीटर सड़क बनने से करीब 50 हजार आबादी को फायदा होगा। जाम का संकट भी कम हो जाएगा। विधायक की इस मांग को शासन ने गंभीरता से लिया और बाईपास निर्माण को स्वीकृति प्रदान कर दी। करीब 17 करोड़ 19 लाख की लागत से बाईपास का निर्माण होना है। शासन ने प्रथम किस्त के रूप में लोक निर्माण विभाग दो करोड़ रुपए की धनराशि मुहैया करा दी है।
विज्ञापन

स्थानीय निवासी राजेश सोनी, रविकांत गुप्त, महेंद्र वर्मा, कामता प्रसाद मौर्य, अभिषेक गुप्त, पूर्व प्रधान रामकुमार गुप्ता, रमेश रावत, पवन गुप्ता, विनोद गुप्ता, हरिओम गुप्ता, लालजी यादव, राजेंद्र निषाद, रुद्रप्रसाद उपाध्याय व विजयकांत सोनी ने कहा कि बाईपास निर्माण से काफी लाभ मिलेगा। जाम का संकट दूर होने के साथ ही व्यवसाय भी बढ़ेगा। मौजूदा समय में स्थिति काफी खराब हो चुकी थी।
बसखारी बाजार में बाईपास निर्माण के लिए शासन से दो करोड़ की प्रथम किस्त मिल चुकी है। भूमि अधिग्रहण की कार्रवाई तेजी से चल रही है। जल्द से जल्द निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
विज्ञापन

- शंकर्षणलाल, अधिशाषी अभियंता, पीडब्ल्यूडी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें