जलालपुर। सम्मनपुर थाना क्षेत्र के कटात मजीसा गांव के बाहर गन्ने के खेत में मंगलवार अपराह्न एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव के पास में दो डंडे पड़े थे, जबकि कुछ दूरी पर पैंट व झोले में कुछ कपड़े पड़े थे। घास पर घसीटने का निशान था। गले पर भी काला निशान था। इससे लग रहा था कि युवक की गला दबाकर हत्या की गई है। पुलिस ने शव की पहचान का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। बाद में शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इससे पहले एएसपी अवनीश कुमार मिश्र ने पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर जायजा लिया।
मंगलवार अपराह्न कुछ ग्रामीण कटात मजीसा गांव के बाहर स्थित गन्ने के खेत में घास काटने गए तो वहां का करीब 32 वर्षीय युवक का शव पड़ा हुआ था। उसके शरीर पर अंडरवियर व शर्ट थी, जबकि बगल में दो डंडे पड़े थे। कुछ दूरी पर एक झोले में कपड़ा व टॉर्च रखा हुआ था। शव के आसपास घास पर घसीटे जाने का निशान था। ऐसा प्रतीत हो रहा था कि युवक की गला दबाकर हत्या की गई है। ऐसा करते समय उसने खुद को बचाने का प्रयास किया, जिससे घास पर पैरों के घसीटने का निशान पड़ गया। शव मिलने की जानकारी होते ही न सिर्फ कटता, बल्कि इर्दगिर्द के गांव से बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। उन्होंने शव की पहचान का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
इस बीच कुछ ही देर में एसओ सम्मनपुर वकील सिंह यादव पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। शव की पहचान का काफी प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इस पर पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इससे पहले जानकारी होने पर एएसपी अवनीश कुमार मिश्र गांव पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से जायजा लिया। वहां मौजूद ग्रामीणों से जानकारी हासिल की। साथ ही पुलिस कर्मियों को जरूरी दिशा निर्देश दिए। उधर एसओ ने बताया कि शव की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही उसकी मौत की स्पष्ट जानकारी हो सकेगी।