अंबेडकरनगर। नौ दिवसीय नवरात्र पर्व गुरुवार से शुरू हो रहा है। ऐसे में इस बार गत वर्ष के सापेक्ष महंगाई ने व्रतधारियों पर खर्च का बोझ बढ़ा दिया है। व्रत से जुड़े लगभग सभी सामानों में 5 से 10 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी हुई है। इससे उन्हें सामानों की खरीददारी में अपनी जेबें ज्यादा ढीली करनी पड़ रही हैं। यह बात अलग है कि फलों के दामों में कोई खास महंगाई देखने को नहीं मिल रही है। सेव, केला सहित अन्य फलों के दाम लगभग गत वर्ष के सापेक्ष ही हैं।
बताते चलें कि गुरुवार से नौ दिवसीय नवरात्र का पर्व शुरू हो रहा है। ऐसे में एक दिन पहले ही श्रद्धालुओं ने सामानों की खरीददारी का कार्य लगभग पूरा कर लिया। बुधवार को पूजा सामग्री व फलों की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ देखने को मिली। यह बात अलग है कि गत वर्ष के सापेक्ष इस बार पूजा से जुड़े सामानों के दामों में 5 से 10 प्रतिशत तक की वृद्धि हुई है। इससे व्रतधारियों को इस बार ज्यादा खर्च करना होगा।
अमर उजाला टीम ने नवरात्र व्रत से एक दिन पहले विभिन्न सामानों के दुकानदारों से बातचीत पर आधारित रिपोर्ट तैयार की है। शीतला आश्रम के निकट स्थित शिवम किराना स्टोर संचालक सत्यनरायण गुप्त ने कहा कि कुछ सामानों के दामों में ही मामूली वृद्धि है। बताया कि मूंगफली के दाम में प्रति किलो 20 से 25 रुपये की वृद्धि हुई है। गत वर्ष इसका दाम 110 रुपये किलो था, जबकि इस बार 130 से 135 रुपये प्रति किलो बिक रहा है। मखाना गत वर्ष प्रति 100 ग्राम 70 रुपये था, इस बार 80 रुपये में बिक रहा है। गत वर्ष जो 500 ग्राम का कुट्टू आटा 65 रुपये में मिल रहा था, वह इस बार 70 रुपये में बिक रहा है। मूंगफली तेल प्रति लीटर में 15 रुपये की वृद्धि हुई है, जो 195 रुपये में बिक रहा है। चीनी के दाम में सिर्फ 2 रुपये प्रति किलो की वृद्धि हुई है, जो 40 रुपये प्रति किलो बिक रही है। धूप, अगरबत्ती, तिल व हवन सामग्री के दाम में कोई बढ़ोत्तरी नहीं हुई है।
मीरानपुर में फल की दुकान लगाने वाले आशीष सोनकर व रामप्रकाश ने बताया कि गत वर्ष के सापेक्ष इस वर्ष महज कुछ फलों के दाम में ही 5 से 10 रुपये किलो में वृद्धि हुई है। केला व सेव का दाम लगभग वही है। गत वर्ष जहां अनानास 80 रुपये प्रति पीस बिक रहा था, वहीं इस बार 90 से 100 रुपये में बिक रहा है। 40 रुपये में बिक रहा पपीता इस बार 45 से 50 रुपये, 100 रुपए में बिक रहा अनार 110 से 120 रुपए प्रति किलो में है। नारियल के दाम में कोई वृद्धि नहीं है। इस बार भी 30 रुपये प्रति पीस नारियल बिक रहा है।